चुनाव की उल्टी गिनती शुरू, उम्मीदवारों ने तेज किया प्रचार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा कालोनी प्रकोष्ठ की ओर से मौलीजागरां के विकास नगर में विशाल रैली का आयोजन किया गया। रैली में भाजपा प्रत्याशी किरण खेर ने कहा कि शहर के गांवों और कालोनियों की कई ऐसी समस्याएं हैं, जिन पर मौजूदा सरकार ने ध्यान नहीं दिया।
खेर ने कहा कि वह इन क्षेत्रों में जो-जो विकास कार्य नहीं हुए हैं, उन्हें पूरा करवाएंगी। उनके साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन, प्रदेशाध्यक्ष संजय टंडन और पूर्व सांसद सत्यपाल जैन भी थे। धवन ने अपने संबोधन में कहा कि किरण खेर कोई गैर नहीं है, बल्कि शहर की ही बेटी हैं। धवन ने लोगों से कहा कि किरण खेर शहरवासियों की समस्याओं को भली-भांति जानती हैं।
बंसल के समर्थन में कांग्रेसी नेताओं ने मांगे वोट
कांग्रेस नेताओं ने विरोधी पार्टियों के उम्मीदवारों पर बाहरी होने का मुद्दा बनाकर वोट मांगना शुरू कर दिया है। रविवार दोपहर बाद सेक्टर-34 स्थित फर्नीचर मार्केट के पीछे मौजूदा सांसद और कांग्रेस के प्रत्याशी पवन कुमार बंसल के समर्थन में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि बीजेपी उम्मीदवार किरण खेर और आप पार्टी नेता गुल पनाग को तो शहर के बारे में भी जानकारी नहीं। ऐसे नेताओं को जिताया तो मुंबई तक ढूंढने जाना पड़ेगा। रविवार को पवन कुमार बंसल ने चुनाव प्रचार की शुरुआत सेक्टर-49 स्थित पुष्पक सोसाइटी से की। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिलाया कि यूटी प्रशासन और नगर निगम की हाउसिग सोसाइटी में आम सेवाओं को ओर बेहतर किया जाएगा। बंसल ने कांग्रेसी नेताओं एचएस लक्की, दविंदर बबला, बीबी बहल के साथ सेक्टर-34, सेक्टर-7 स्थित सीपीडब्ल्यू कालोनी, खुड्डा लाहौरा और खुड्डा जस्सू का दौर किया।
गुल पनाग के समर्थन में प्रचार करने सूफी गायक पहुंचे
आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी गुल पनाग के समर्थन में प्रचार करने सूफी गायक रब्बी शेरगिल भी पहुंचे। रोज गार्डन में रविवार को शेरगिल ने लोगों को गीत सुनाए और अपने अंदाज में पार्टी के लिए वोट मांगे।
इसके बाद वह गुल पनाग के साथ रोड शो पर निकल गए। पनाग का रोड शो सेक्टर 46 स्थित गुरुद्वारे से शुरू हुआ। यह रोड शो सेक्टर 49, 50, 51 और 21 डी पहुंचा। इस दौरान गुल पनाग ने रेल घूस कांड की जांच कर रही सीबीआई पर सवाल उठाया। इससे पहले सुबह साढ़े बजे ही गुल पनाग किशनगढ़, खुड्डा अली शेर व कैम्बवाला पहुंची और लोगों से बातचीत की। उसके बाद गुल ने सेक्टर 18 में एक नुक्कड़ नाटक किया।
जन्नत ने रामदरबार में मांगे वोट
बसपा प्रत्याशी जन्नत जहां ने कहा कि कांग्रेस सांसद पवन बंसल ने शहर का बेड़ा गर्क कर दिया है। पंद्रह साल तक सांसद रहने के बावजूद बंसल ने शहर में कोई विकास कार्य नहीं करवाएं। बसपा नेता जन्नत ने ये बातें रविवार को सेक्टर- 56 की कच्ची, पक्की कॉलोनी और रामदरबार में अपने जनसंपर्क अभियान के दौरान कहीं।
सेक्टर 56 की कच्ची और पक्की कॉलोनी में वोटरों से मिलने के दौरान जन्नत ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा दोनों एक हैं। दोनों सिर्फ जनता के सामने झूठे वादे करती है। जनता कांग्रेस के झूठे वादे और इरादे को जान गई है और चुनाव में इसका बदला लेगी। उन्होंने कहा कि जनता बंसल के विकास विरोधी चेहरे को जान गई है। चुनाव में कांग्रेस का सफाया तय है। उन्होंने कहा कि भाजपा के मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे।