लोकसभा चुनावः 90 स्ट्रांग रूम में 23 मई तक बंद रहेगी हरियाणा के 223 प्रत्याशियों की 'किस्मत'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा में 223 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में लॉक होने के बाद अब 23 मई तक ‘स्ट्रांग रूम’ में बंद रहेगी। सभी ईवीएम को प्रदेशभर में 39 जगहों में बनाए गए 90 स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के साथ रखा जाएगा।
आला अफसर तीन बार इन स्ट्रांग रूम में विजिट करेंगे। जबकि स्ट्रांग रूम में डबल लॉक रहेगा। इस स्ट्रांग रूमों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल तैनात रहेंगे और कमरों के अंदर सीसीटीवी कैमरों से पैनी नजर रहेगी।
हरियाणा के संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. इंद्रजीत ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानसार ही स्ट्रांग रूम तैयार किए गए हैं। उन्होंने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार रिटर्निंग अधिकारी 3 बार स्ट्रांग रूम का दौरा करेंगे। स्ट्रांग रूम में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को रखने और कमरे को सील करने की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जाएगी।
रूम का केवल एक ही दरवाजा होगा। यदि स्ट्रांग रूम में एक से अधिक दरवाजे हैं तो एक दरवाजे को छोड़कर बाकी सभी दरवाजों और खिड़कियों को सील कर दिया जाएगा। रूम को डबल लॉक किया जाएगा। स्ट्रांग रूम का थ्री-टायर सिक्योरिटी सिस्टम होगा।
उम्मीदवारों या उनके चुनावी एजेंटों के लिए स्ट्रांग रूम के बाहर शौचालय, पीने का पानी और शेड की सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। स्ट्रांग रूम के परिसर तक आने और जाने वालों के लिए लॉग बुक लगाई जाएगी, जिसमें उनकी उपस्थिति दर्ज की जाएगी। लॉग बुक को रिटर्निंग अधिकारी या जिला निर्वाचन अधिकारी अपनी देखरेख में रखेगा।
डॉ. इंद्रजीत ने बताया कि आयोग की हिदायतों के अनुसार स्ट्रांग रूम को केवल आपातकालीन स्थिति जैसे आग लगना, बाढ़ आना या भूकंप आने की स्थिति में ही खोला जा सकता है। लेकिन रूम को खोलने से पहले आयोग को बताना होगा और आयोग की अनुमति प्राप्त होने पर ही स्ट्रांग रूम को खोला जा सकता है।
आपातकालीन स्थिति में स्ट्रांग रूम से ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को रिटर्निंग अधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी, उम्मीदवारों या उनके चुनावी एजेंट और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की मौजूदगी में दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाई जाएगी।