नामांकन से पहले सनी देओल ने श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेका, श्री दुर्ग्याणा मंदिर के भी किए दर्शन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुरदासपुर से चुनाव मैदान में उतरने से पहले भाजपा प्रत्याशी और अभिनेता सनी देओल ने सोमवार सुबह पांच बजे श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेका। सनी जब श्री हरमंदिर साहिब पहुंचे तब ‘आसा दी वार’ की अरदास हो रही थी।
सनी घंटा घर चौक की तरफ से श्री हरमंदिर साहिब में आए। राजनीति में पहली बार अपना भाग्य आजमा रहे सनी नीले रंग की ‘दस्तार’, नीले रंग की शर्ट और जीन्स पहने कड़ी सुरक्षा के बीच श्री हरमंदिर साहिब के प्रवेश द्वार की सीढ़ियों से नीचे उतरे।
उन्होंने श्री हरमंदिर साहिब के मुख्य भवन से हो रही अरदास को सुना। सनी देओल मुख्य भवन के दर्शन करने के बाद कुछ पल हाथ जोड़ कर खड़े रहे और पवित्र परिक्रमा के दर्शन किए। सुरक्षा कर्मचारियों और एसजीपीसी टास्क फोर्स के घेरे में सनी परिक्रमा में स्थित बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा में नतमस्तक हुए। दर्शनी ड्योढ़ी से मुख्य भवन में प्रवेश करने के बाद वे श्री गुरु ग्रंथ साहिब के आगे नतमस्तक हुए और गुरबाणी श्रवण की।
सनी ने श्री अकाल तख्त साहिब में माथा टेका। उनके साथ आए सरबजीत सिंह ने उन्हें श्री अकाल तख्त के इतिहास और मर्यादाओं के बारे में जानकारी दी। इसके बाद एसजीपीसी के सूचना केंद्र कार्यालय में उन्हें सिरोपा भेंट किया गया।
श्री दुर्ग्याणा मंदिर और श्री राम तीर्थ में टेका माथा
भाजपा उम्मीदवार उत्तर भारत के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री दुर्ग्याणा मंदिर में भी माथा टेकने के लिए पहुंचे। मंदिर के पुजारियों ने उन्हें ठाकुर जी का प्रसाद और सिरोपा भेंट किया।
मंदिर कमेटी के महासचिव अरुण खन्ना ने सनी देओल को दोशाला और श्री दुर्ग्याणा मंदिर की तस्वीर भेंट की। इससे बाद सनी श्री राम तीर्थ भी गए जहां उन्होंने भगवान श्री बाल्मीकि की प्रतिमा पर माथा टेका। मीडिया ने जब उनसे बातचीत करने की कोशिश की तो वह हाथ जोड़ कर निकल गए।
मेरी नई शुरुआत, मुझे काम करने दो : सनी
मीडिया के जोर देने पर सनी देओल ने श्री दुर्ग्याणा कमेटी के सूचना केंद्र में हाथ जोड़ते हुए कहा कि यह मेरी शुरुआत है। मुझे इसे प्यार से शुरू करने दो। मैं अपने घर आया हूं। मुझे अपना काम करने दो। धन्यवाद।