अनुपम खेर को दुकानदार ने दिखाया पुराने वादों का मेनिफेस्टो, तो जवाब दिए बिना निकल गए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा उम्मीदवार किरण खेर के पति व बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर इस समय चंडीगढ़ में डेरा डाले हुए हैं। किरण खेर के चुनाव प्रचार के लिए वे कभी सुखना लेक तो कभी किसी सेक्टर की खाक छान रहे हैं। इस दौरान उन्हें असहज स्थितियों का सामना भी करना पड़ रहा है।
दो दिन पहले खाली कुर्सियां देखकर उन्हें अपनी जनसभा रद्द करनी पड़ी थी। उसके बाद सेक्टर 28 की दुकान में किरण खेर का प्रचार करने पहुंचे तो वहां बैठे एक शख्स ने पूछा किया कि, पिछले पांच साल में उनकी पार्टी ने क्या-क्या किया है तो अनुपम खेर बिना कुछ बोले वहां से वापस चले गए। यह वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोर रहा है।
51 सेकेंड के इस वीडियो में अनुपम खेर बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ एक दुकान में घुसते दिखाई दे रहे हैं। जैसे ही वे दुकान में घुसते हैं तो दुकान का मालिक उन्हें भाजपा का साल 2014 का घोषणापत्र दिखाकर पूछता है कि बताइए इनमें से आप लोगों ने कितने वादे पूरे किए हैं।
बस इतना सुनते ही अनुपम खेर चुपचाप वापस निकल गए। इस वीडियो के वायरल होने के बाद अनुपम खेर ने भी अपने ट्विटर हैंडल से प्रतिक्रिया दी है।
वीडियो को अपलोड कर उन्होंने लिखा कि किरण खेर के चुनाव प्रचार के दौरान विपक्ष ने दो लोगों को एक दुकान में प्लांट किया था। मुझसे बीजेपी के 2014 मेनिफेस्टो पर सवाल पूछने के लिए।
मैंने पीछे खड़े आदमी को वीडियो बनाते देखा, इसलिए मैं आगे बढ़ गया। आज उन्होंने वीडियो जारी किया। दाढ़ी वाले की हरकतें देखिए। अनुपम खेर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और लोग उसे जमकर शेयर कर रहे हैं।
अनुपम खेर ने इस समय किरण खेर के प्रचार का मोर्चा संभाल रखा है। कभी वे सुखना लेक पर किरण के पक्ष में प्रचार करते दिख रहे हैं तो कभी मार्केट में डोर टू डोर वोट मांग रहे हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि वे अभी कुछ दिन चंडीगढ़ और रुकेंगे और किरण के पक्ष में ही प्रचार करेंगे।