कुरुक्षेत्र में पीएम मोदी बोले-हिंदू आतंकवाद का झूठ गढ़ने वाली कांग्रेस को माफ नहीं करेगा देश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा चुनाव के रण में बुधवार को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार फरवरी 2007 में हुई आतंकी घटना समझौता ब्लास्ट का जिक्र करते हुए कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। कुरुक्षेत्र के मंच से मोदी ने इस घटना का हवाला देते हुए कांग्रेस पर हिंदू आतंकवाद का झूठ गढ़ने का आरोप लगाया।
मोदी ने हरियाणवियों को पानीपत में हुए समझौता ब्लास्ट की याद दिलवाते हुए कहा कि कांग्रेस ने हिंदू आतंकवाद का झूठ गढ़ने का घिनौना खेल खेला था।
इसी वजह से कई साल तक निर्दोष लोगों को जेल में रखा गया और इस घटना के असली आतंकियों को बचाने का रास्ता खोल दिया गया। ऐसा कर कांग्रेस ने हजारों वर्ष पुरानी भारतीय संस्कृति पर दाग लगाने की कोशिश की। लेकिन अब अदालत के फैसले के बाद कांग्रेस के झूठ का पर्दाफाश हो चुका है। हिंदू आतंकवाद का झूठ फैलाने वाली कांग्रेस को देश कभी माफ नहीं करेगा।
संस्कृति पर सियासत को आगे बढ़ाते हुए मोदी ने कहा कि यह देश रामायण और महाभारत की आलोचना करने वालों, भगवान का नाम लेने वालों को जेल भेजने वाले महामिलावटियों और भारत को बदनाम करने वाली कांग्रेस को भी देश कतई माफ नहीं करेगा।
पाक जाने वाले पानी का मुद्दा भी उछाला
मोदी ने मंच से पाकिस्तान की ओर जाने वाले नदियों के पानी का मुद्दा भी उछाला। मोदी ने कहा कि भारत की कुछ नदियों का पानी, जिन पर भारतीय किसानों का हक है वह आज पाकिस्तान जा रहा है। आजादी से लेकर आज तक कांग्रेस सरकार ने इस ओर कोई कदम नहीं उठाया।
लेकिन मैं आपका चौकीदार इस मंच से आज आपको आश्वस्त करता हूं कि भारत की नदियों के पानी का एक बूंद भी पाकिस्तान नहीं जाएगी। इसी संकल्प के साथ हम इस ओर बढ़ रहे हैं। कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है। अगले पांच वर्षों में पाकिस्तान जाने वाला पानी हरियाणा समेत अन्य राज्यों के किसानों को मिलेगा।
पहले कभी देखा है, सिपाही को वाघा तक छोड़ने आया पाकिस्तान
अपने 38 मिनट के भाषण में एयर स्ट्राइक को देशवासियों और सेना का गौरव बताते हुए मोदी ने पाक प्रेम पर कांग्रेस को लपेटा। मोदी ने कहा कि एयर स्ट्राइक के बाद हमारा जवान पाकिस्तान के कब्जे में चला गया। 48 घंटे के अंदर पाकिस्तान के अफसर हमारे जवान को बाइज्जत वाघा बार्डर तक विदाई देने आए। पाक अफसरों के चेहरे उतरे हुए थे।
पहले कभी देखा, सिपाही को वाघा तक छोड़ने आया पाकिस्तान
क्या आपने कभी ऐसा नजारा पहले कभी देखा है, क्या आपको यह देखकर गर्व हुआ कि नहीं, आपका माथा ऊंचा हुआ कि नहीं, ये सब आपके वोट की ताकत है। मोदी ने कहा कि लेकिन कांग्रेसियों और उनके राग दरबारियों ने इस घटना के बाद पाक के कसीदे पढ़ने शुरू कर दिए और यही कांग्रेस की सच्चाई है। कांग्रेस को सिर्फ एक परिवार की चिंता है, देश हित को उन्होंने कभी गंभीरता से नहीं लिया।
प्रेम का नकाब पहन मुझे देते हैं गालियां
पहली बार मंच से मोदी ने एक अलग अंदाज में कांग्रेस और उनके समर्थकों को निशाने पर लिया। मोदी ने कहा मैं कांग्रेस और महामिलावटियों को मनमानी नहीं करने देता। उनके वंशवाद को चुनौती देता हूं, इसलिए प्रेम का नकाब पहनकर ये मुझे गालियां देते हैं। मोदी ने कहा कि मैं अपने घर आया हूं, इसलिए अपनों के आगे पहली बार जुबान खोलते हुए मैं आपको बताना चाहता हूं कि पीएम बनने से पहले इन लोगों ने प्रेम की चाश्नी में लिपटी हुई मुझे कौन-कौन सी गालियां दीं।
किसी ने मुझे गंदी नाली का कीड़ा कहा, तो कइयों ने पागल कुत्ता, गंगू तेली, भस्मासुर, बंदर, वायरस, दाऊद इब्राहिम, हिटलर, बदतमीज नालायक बेटा, रैबिज बीमारी से पीड़ित, लहू पुरुष, चूहा, असत्य का सौदागार, रावण, सांप, बिच्छू, जहर बोने वाला, मौत का सौदागर जैसे शब्दों से नवाजा। ये कांग्रेस की मुझ पर प्रेमवर्षा थी।
इतना ही नहीं पीएम बनने के बाद यानी चैप्टर-टू में मुझे मोस्ट स्टूपिड पीएम, जवानों के खून का दलाल, गद्दाफी, मुसोलिनी, हिटलर, मानसिक बीमार, नीच, औरंगजेब, तुगलक, नटवर लाल जैसी सौगातें भी दी। इतना ही नहीं इन लोगों ने यह भी पूछा कि मोदी के पिता कौन है? दादा कौन है? मोदी ने कहा कि मुझे मालूम हैं कि इस तरह के शब्द मंच से लेना उचित नहीं हैं। लेकिन मैं आपसे सिर्फ इतना कहना चाहता हूं कि आप अपने बच्चों को कांग्रेस और इन महामिलावटियों की उक्त शब्दों वाले शब्दकोष से दूर रखें, क्योंकि मुझे आपके बच्चों के संस्कार और भविष्य की चिंता है।