नवजोत सिद्धू का पीएम पर तंज-‘काहे का तू चौकीदार है, मच गयी देश में हाहाकार है'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस के स्टार प्रचारक व पंजाब के कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू सिरसा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर के लिए चुनाव प्रचार करने के लिए पहुंचे। सिरसा के भगत सिंह चौक में अशोक तंवर के पक्ष में उन्होंने जन सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अपने चिर परिचित अंदाज में भाजपा सरकार व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कई तंज कसे और शेरो शायरी से लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।
पीएम नरेंद्र मोदी की 'मैं भी चौकीदार' मुहिम के जवाब में अपने शायराना अंदाज में उन्होंने कहा कि ‘काहे का तू चौकीदार है, मच गयी देश में हाहाकार है, जीएसटी नोटबंदी ले बैठी दुकानदार को, कर्ज ले डूबा किसान को, 15 लाख का सभी को इंतजार है, काहे का तू चौकीदार है। सिद्धू ने शायराना अंदाज में बोला अंधों के बाजार में आइनों के खरीददार है, शहर के सब चोर कह रहे हैं हम भी चौकीदार है। इसके बाद उन्होंने कहा कि आया था मोदी 2014 में गंगा का लाल बनके, जायेगा 2019 में राफेल का दलाल बनके।
उन्होंने कहा कि मोदी जनता को कहते थे कि ‘भाईओ और बहनों, अगर आप दस रुपये का पेन भी खरीदो तो उसका पक्का बिल लेना, लेकिन अगर आज उनसे राफेल का बिल मांगा जाता है तो वो तिलमिला उठते हैं। प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए सिद्धू ने कहा कि मोदी कहते हैं कि कांग्रेस ने 70 साल में कुछ नहीं किया।
उनकी इस बात से लगता हैं कि प्रधानमंत्री नींद में हैं और 2014 से पहले हिंदुस्तान देश नहीं था। सिर्फ एक रेलवे स्टेशन था और मोदी वहां चाय बेच रहे थे। सिद्धू ने कहा कि वो प्रधानमंत्री को बताना चाहते हैं कि जब मोदी पैदा भी नहीं हुए थे तो डॉ. भीमराव आंबेडकर ने भारत के संविधान का निर्माण कर दिया था। जब मोदी छोटे बच्चे थे तो जवाहर लाल नेहरू ने अंतरिक्ष में यान भेज दिया था और भाखरा डैम जैसे बड़े प्रोजेक्ट लगा दिए थे।
जिस समय मोदी राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ में डंडे बजा रहे थे तो हमारा देश तीन युद्ध जीत चुका था। उन्होंने कहा कि जब वो क्रिकेटर थे तो ऐसा छक्का मरते थे कि बॉल बाउंड्री के पार जाती थी, आपके पास मौका हैं, आप ऐसा छक्का मारो कि मोदी हिंदुस्तान के पार हो जाए। उन्होंने कहा कि सुन लो मोदी, 23 मई, तेरी भाजपा गई।
जनता बोल रही है अबकी बार बस कर यार
उन्होंने कहा कि भाजपा वाले कहते हैं कि फिर एक बार मोदी सरकार लेकिन आम लोग कह रहे हैं कि अबकी बार बस कर यार। उन्होंने कहा कि मोदी खुद तो चौकीदार बनकर आम लोगों को कहते हैं कि जागते रहो, लेकिन अपने दूसरी तरफ नीरव मोदी, विजय माल्या जैसे अपने मित्रों को कहते हैं कि भागते रहो। वैसे भी चौकीदार अमीरों के होते हैं।
मोदी के ‘मन की बात’ प्रोग्राम के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि पहले मोदी मन की बात करते थे लेकिन आजकल अंबानी, अडानी के मन की बात कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से कहा कि अशोक तंवर उसका भाई है। आप लोग उसे विजयी बनाओ, मैं आपका धन्यवाद करने फिर इसी भगत सिंह चौक में आऊंगा और खुशी में भंगड़ा डालूंगा।