केजरीवाल ने की अपनी सुरक्षा हटाने की अपील, आयोग को लिखा पत्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय कनवीनर और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने चुनाव आयोग से अपील की है कि पंजाब दौरे के दौरान उनकी सुरक्षा हटाई जाए, क्योंकि इसके कारण लोगों को अनावश्यक परेशानी होती है।
पंजाब के मुख्य चुनाव अफसर वीके सिंह को लिखे पत्र में केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने कई बार नोटिस किया है कि पंजाब दौरे के दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उनकी सुरक्षा में लगाए जाते हैं, जिनकी कोई जरूरत नहीं है।
केजरीवाल ने कहा कि आप के उम्मीदवार पहले ही साफ कर चुके हैं कि उनको सुरक्षा प्रदान किए जाने की कोई जरूरत नहीं है। आप उम्मीदवारों की तरफ से रिटर्निंग अफसरों को हलफनामा दिया गया है कि उन्हें सुरक्षा की जरूरत नहीं।
आप के सभी प्रत्याशी पहले ही सुरक्षा लेने से कर चुके हैं इंकार
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी स्थिति साफ है और पंजाब में कानून-व्यवस्था की हालत बिगड़ी होने के कारण यह सुरक्षा सूबे के लोगों की चौकीदारी के लिए लगाई जानी चाहिए। केजरीवाल ने आयोग से कहा है कि लोगों के भरोसे को बहाल करने के लिए यह फैसला लिया जाए।
पार्टी का कहना है कि सत्ताधारी पार्टी के नेताओं जिनमें मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल, मंत्री, अकाली दल और भाजपा के जिला प्रधानों और उनके करीबी रिश्तेदारों की सुरक्षा में पंजाब पुलिस और सीआरपीएफ के जवान लगाए गए हैं, जिनका गलत इस्तेमाल होता है और पुलिस कर्मियों से घरेलू नौकरों की तरह काम लिया जाता है।
उल्लेखनीय है कि चुनाव आयोग की तरफ से हाल ही में 1200 पुलिस कर्मचारियों को सुरक्षा से हटाया गया था और अभी भी 2000 पुलिस कर्मी नेताओं की हिफाजात कर रहे हैं।