चंडीगढ़। दूसरा पन्ना लाल मेमोरियल अंडर-21 क्रिकेट टूर्नामेंट डेराबस्सी में शुरू हो गया। इसमें ट्राइसिटी की टीमें शिरकत कर रही हैं। पहले ही मैच में आईवीसीए क्रिकेट अकादमी की टीम ने क्रिस्टल स्पोर्ट्स अकादमी चंडीगढ़ की टीम को एक रोचक मुकाबले में 2 रन से हरा दिया।
पहले खेलते हुए आईवीसीए क्रिकेट अकादमी की टीम ने 38.2 ओवर में कुल 182 रन बनाए। आर्यन वर्मा ने 38 रन, अमन ने 34 रन, मोंटी सिंह ने 17 रन बनाए। गेंदबाजी में युवराज चौधरी ने 16 रन देकर 3 विकेट, हर्षित ने 40 रन देकर 2 विकेट, अंशुल चौधरी ने 19 रन देकर 1 विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्रिस्टल स्पोर्ट्स अकादमी चंडीगढ़ की टीम लक्ष्य से 2 रन पीछे रही और 36.2 ओवर में 180 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। टीम से युवराज चौधरी ने सबसे अधिक 71 रन बनाए। गेंदबाजी में पारस ने 39 रन देकर 3 विकेट, पुनित कुमार ने 13 रन देकर 2 विकेट, विशाल ने 22 रन देकर 2 विकेट और सत्यम ने 16 रन देकर 2 विकेट चटकाए। मैच में तीन विकेट और क्षेत्ररक्षण में बेहतर करने पर पारस को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।