पंजाब: प्रमोद बान बने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स के प्रमुख, सीएम मान बोले- कानून-व्यवस्था बिगड़ी तो सीपी व एसएसपी होंगे जिम्मेदार
पंजाब की भगवंत मान सरकार ने एडीजीपी प्रमोद बान को एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स का प्रमुख बनाया है। बना मौजूदा वक्त में एडीजीपी स्पेशल क्राइम एंड इकनॉमिक अफेंस विंग में तैनात थे। वहीं दो अन्य अधिकारियों की भी तैनाती की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गुरुवार को पंजाब सरकार ने आदेश जारी कर प्रमोद बान को एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स की कमान सौंपी है। वह इस समय एडीजीपी स्पेशल क्राइम व आर्थिक अपराध विंग के तौर पर तैनात थे। इनके साथ ही लुधियाना के मौजूदा पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर को डीआईजी एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और मोहाली में ओसीसीयू पंजाब के एआईजी गुरमीत सिंह चौहान को एआईजी एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स नियुक्त किया गया है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बीते सप्ताह सभी एसएसपी और पुलिस के आला अफसरों के साथ बैठक के दौरान पंजाब में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स के गठन का एलान किया था। उन्होंने यह भी बताया था कि एडीजीपी रैंक के अधिकारी इस टास्क फोर्स का नेतृत्व करेंगे।
कानून-व्यवस्था के लिए सीपी और एसएसपी जिम्मेदार: मान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरुवार को राज्य के सभी पुलिस कमिश्नरों और सभी एसएसपी को पत्र लिखकर एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) की भूमिका बताई और यह भी साफ कर दिया कि कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर पुलिस कमिश्नर और एसएसपी ही जिम्मेदार होंगे।
मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा, ‘मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि एजीटीएफ का गठन किसी भी तरह से आयुक्तों और जिलों की जिम्मेदारी और भूमिका को कम नहीं करेगा, क्योंकि सीपी और एसएसपी अपराध के नियंत्रण और अपने अधिकार क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिम्मेदार हैं। मैं व्यक्तिगत रूप से आपको आपके अधिकार क्षेत्र में कानून और व्यवस्था के किसी भी उल्लंघन के लिए जिम्मेदार ठहराऊंगा क्योंकि आप कानून के तहत जवाबदेह हैं।’
उन्होंने आगे लिखा कि एजीटीएफ खुफिया आधारित संचालन पर ध्यान केंद्रित करेगा और एक समन्वय भूमिका निभाएगा। ऐसे में वह उम्मीद करते हैं कि पुलिस कमिश्नर और एसएसपी अपने अधीन पुलिस अधिकारियों को ब्रीफिंग, अपराध डेटा का विश्लेषण करने, फरार गैंगस्टरों की पहचान करने और एंटी-गैंगस्टर का संचालन करके गैंगस्टरों के खिलाफ प्रमुख जोर देंगे।
ईमानदारी से ड्यूटी निभाने पर हेड कांस्टेबल सम्मानित
पंजाब पुलिस के एडीजीपी (ट्रैफिक) अमरदीप सिंह राय ने गुरुवार को मानसा जिला पुलिस के ट्रैफिक विंग में तैनात हेड कांस्टेबल गुरप्रीत सिंह को ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले एक व्यक्ति द्वारा रिश्वत की पेशकश ठुकराने पर प्रशंसा पत्र (क्लास-1) प्रदान किया। हेड कांस्टेबल गुरप्रीत सिंह का एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें वह ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति द्वारा चालान ना काटे जाने के बदले 200 रुपये की रिश्वत की पेशकश को ठुकराते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में गुरप्रीत अपने सीनियर को कह रहे हैं ‘जनाब, इसकी (ट्रैफिक का उल्लंघन करने वाले की) वीडियो बनाओ, देखो वह मुझे 200 रुपये रिश्वत देने की कोशिश कर रहा है। हम यह वीडियो मुख्यमंत्री भगवंत मान के ग्रुप में भेजेंगे। उनको दिखा सकें कि कैसे लोग पुलिस को जबरदस्ती रिश्वत देने की कोशिश कर रहे हैं।’ एडीजीपी राय ने कहा कि वायरल वीडियो, जिसमें हेड कांस्टेबल गुरप्रीत सिंह ने अपनी ड्यूटी के प्रति समर्पण और ईमानदारी दिखाई है। उन्होंने गुरप्रीत के अच्छे कार्य और समर्पित भावना को सम्मान और सराहना करने का निर्णय लिया है।