प्रतिभाः जूते पॉलिश कर परिवार को पाला, अब इंडियन आईडल में छाया, पढ़ें-प्रेरणादायक कहानी
बेहद गरीब परिवार में जन्मे सन्नी की आवाज का जादू इन दिनों छाया हुआ है। सन्नी की कहानी भी बेहद दर्द भरी है। सन्नी का संबंध बेहद ही गरीब परिवार से है। बूट पॉलिश कर परिवार का गुजारा चलाने वाला युवक सन्नी अपनी काबिलीयत के दम पर शोहरत की सीढ़ियां चढ़ने लगा है।
कुछ दिन पहले तक जहां सन्नी लोगों के बूट पॉलिश कर आजीविका चला रहा था तो वहीं सोनी टीवी के रिएलिटी सिंगिंग शो इंडियन आइडल ने किस्मत बदल दी है। सनी पंजाब के बठिंडा में अमरपुरा बस्ती की गली नंबर-1 में रहते हैं।
सन्नी की आवाज का जादू जज संगीतकार अनु मलिक, विशाल डडलानी व गायका नेहा कक्कड़ के सिर चढ़कर तो बोल ही रहा है, वहीं सोशल मीडिया पर भी सन्नी छाया है।
सोशल मीडिया पर भी पंजाबी गायक, कलाकार सन्नी की तारीफ कर रहे हैं। शो के ग्रेट ग्रांड प्रीमियर का प्रोमो खूब वायरल हो रहा है, जिसमें जज अनु मलिक व विशाल डडलानी ने सन्नी को गायक नुसरत फतेह अली खां का रूप बताया है।
अनु मलिक कहते हैं कि जब सन्नी का जन्म हुआ था उससे कुछ समय पहले ही नुसरत फतेह अली खां जी का देहांत हुआ था। अब ऐसा लगता है मानो नुसरत साहब का सन्नी के रूप में नया जन्म हुआ है। जबकि विशाल डडलानी ने कहा कि नुसरत फतेह अली खां आज भी सन्नी जैसे गायकों के रूप में जीवित हैं।
शो के दौरान मुख्य मेहमान के रूप में पहुंचे पंजाबी गायक हंसराज हंस भी सन्नी की गायकी से प्रभावित हुए बिना न रह सके। सन्नी द्वारा गाए गीत ये जो हल्का-हल्का सुरूर है... सुन हंसराज समेत तीनों जज भावुक हो उठे। सोशल मीडिया पर भी सन्नी की वीडियो खूब वायरल हो रही हैं। जिसमें सन्नी के बूट पालिश करने से लेकर अब तक के सफर का दिखाया जा रहा है।