वकील से अमानवीय व्यवहार: पंजाब-हरियाणा में अनिश्चितकालीन हड़ताल खत्म, आज से अदालत में लौटेंगे डेढ़ लाख वकील
बार काउंसिल के पदाधिकारियों सहित वकीलों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री व अन्य अधिकारियों से दोपहर एक बजे मुलाकात की थी और शाम तक सभी मांगें पूरी हो गईं जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताया। साथ ही मंगलवार से हड़ताल पर गए हरियाणा, पंजाब व चंडीगढ़ के करीब डेढ़ हजार वकीलों से आह्वान किया कि वे गुरुवार से अदालतों में आकर काम शुरू करें।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुक्तसर साहिब में वकील से अमानवीय व्यवहार मामले में मंगलवार से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल बुधवार को समाप्त हो गई। बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा की ओर से की गई मांगें पूरी होने के चलते चेयरमैन अशोक सिंगला ने हड़ताल वापस लेने की घोषणा कर दी। ऐसे में अब गुरुवार से करीब डेढ़ लाख वकील हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ की अदालतों में काम पर लौट आएंगे।
बार काउंसिल ऑफ पंजाब-हरियाणा के चेयरमैन अशोक सिंगला, पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारी व मुक्तसर साहिब बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने अपनी मांगों को लेकर बुधवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, डीजीपी व अन्य उच्च अधिकारियों से मुलाकात की। सिंगला ने बताया कि दोपहर एक बजे हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया था कि उनकी मांगों पर आज ही फैसला ले लिया जाएगा। इसके बाद आरोपी एसपी (गुप्तचर) रमनदीप सिंह भुल्लर, सीआईए इंस्पेक्टर रमन कुमार कंबोज व सीनियर कांस्टेबल हरबंस सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
इसके साथ ही इस पूरे प्रकरण की जांच लुधियाना के पुलिस कमिश्नर मंदीप सिंह सिद्धू की अगुवाई में एसआईटी का गठन कर दिया गया। एसआईटी में डीसीपी हरमीत सिंह हुंडल, एडीसीपी सोहेल कासिम मीर और संगरूर के एसपी (जांच) पलविंदर सिंह चीमा को शामिल किया गया। सिंगला ने यह भी बताया कि बार काउंसिल को पीड़ित वकील की रिहाई का विश्वास दिलाया गया है।
बार काउंसिल के पदाधिकारियों सहित वकीलों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री व अन्य अधिकारियों से दोपहर एक बजे मुलाकात की थी और शाम तक सभी मांगें पूरी हो गईं जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताया। साथ ही मंगलवार से हड़ताल पर गए हरियाणा, पंजाब व चंडीगढ़ के करीब डेढ़ हजार वकीलों से आह्वान किया कि वे गुरुवार से अदालतों में आकर काम शुरू करें।
हाईकोर्ट में शुक्रवार तक वकील रखेंगे कार्य निलंबित
उधर, बार काउंसिल के हड़ताल वापस लेने और काम पर लौटने के आह्वान के बावजूद पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने शुक्रवार तक कार्य निलंबित रखने का फैसला लिया है। बार एसोसिएशन ने कहा कि आम सभा शुक्रवार को आयोजित करने और तब तक कार्य निलंबित रखने का फैसला पहले ही लिया जा चुका था। ऐसे में शुक्रवार को होने वाली आम सभा तक कार्य निलंबित रहेगा और बैठक में आगे की रणनीति तय होगी।