{"_id":"635ade6b43a37d00974597a1","slug":"in-gmch-32-all-135-seats-of-state-quota-are-full-on-the-first-day-itself-chandigarh-news-pkl466574887","type":"story","status":"publish","title_hn":"Chandigarh: GMCH-32 में एमबीबीएस की पहली काउंसिलिंग पूरी, पहले दिन ही स्टेट कोटे की सभी 135 सीटें फुल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Chandigarh: GMCH-32 में एमबीबीएस की पहली काउंसिलिंग पूरी, पहले दिन ही स्टेट कोटे की सभी 135 सीटें फुल
Fri, 28 Oct 2022 01:09 AM IST
पंचकुला ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
Published by: पंचकुला ब्यूरो
Updated Fri, 28 Oct 2022 01:09 AM IST
सार
एमबीबीएस प्रवेश प्रक्रिया में कटऑफ में चयनित अभ्यर्थियों में बेटियों की संख्या ज्यादा रही। इस वर्ष 101 रैंक तक गई कटऑफ में 60 लड़कियां जबकि 41 लड़के शामिल रहे। पहली काउंसलिंग में ही स्टेट कोटे की सभी सीटें फुल होने के बावजूद कॉलेज प्रशासन ने मानक के अनुसार स्टेट कोटे की सेकंड काउंसलिंग के लिए 9 नवंबर की तारीख तय की है।
विज्ञापन
काउंसिलिंग के लिए पहुंचे परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
चंडीगढ़ के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच) सेक्टर-32 में स्टेट कोटे से एमबीबीएस में दाखिले के लिए पहली काउंसलिंग गुरुवार को हुई। पहले ही दिन स्टेट कोटे की सभी 135 सीटें फुल हो गईं। काउंसलिंग की कटऑफ 101 रैंक तक गई क्योंकि मेरिट में शामिल छह विद्यार्थियों ने दाखिला नहीं लिया।
विज्ञापन
काउंसलिंग में जनरल कोटे की कुल 93 सीटें थीं। इसके अलावा पीडब्ल्यूडी कोटे के लिए आरक्षित पांच सीटों में से केवल तीन पर ही दाखिले हुए। ऐसे में बची हुई दो सीटें भी जनरल कोटे में जुड़ गईं। इस तरह जनरल कोटे पर 95 विद्यार्थियों को दाखिला मिला। इस बार कटऑफ 566 अंकों का रहा जो पिछले वर्ष 569 अंक का था।
विज्ञापन
जीएमसीएच-32 स्थित सराय बिल्डिंग स्थित सभागार में आयोजित काउंसलिंग में पहले दिन अकादमिक पैनल ने चयनित अभ्यर्थियों के डॉक्युमेंट जमा किए। वहीं डायरेक्टर प्रिंसिपल प्रोफेसर जसविंदर कौर और डीन अकादमिक ने प्रत्येक छात्र की काउंसलिंग की। कॉलेज प्रशासन के अनुसार, चयनित छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण शुक्रवार को सुबह 9:30 बजे से अकादमिक शाखा में किया जाएगा जहां छात्रों का एक्स-रे और ब्लड टेस्ट करने के बाद मेडिकल बोर्ड उनका परीक्षण करेगी। उसके बाद फीस जमा करने की प्रक्रिया होगी। इसके बाद आवंटन पत्र वितरित किया जाएगा।
विज्ञापन
जनरल कोटे में बेटियां रहीं आगे
एमबीबीएस प्रवेश प्रक्रिया में कटऑफ में चयनित अभ्यर्थियों में बेटियों की संख्या ज्यादा रही। इस वर्ष 101 रैंक तक गई कटऑफ में 60 लड़कियां जबकि 41 लड़के शामिल रहे। उधर, पहली काउंसलिंग में ही स्टेट कोटे की सभी सीटें फुल होने के बावजूद कॉलेज प्रशासन ने मानक के अनुसार स्टेट कोटे की सेकंड काउंसलिंग के लिए 9 नवंबर की तारीख तय की है। 15 नवंबर से शैक्षणिक सत्र शुरू हो जाएगा। इन सबके बीच 12 दिसंबर को माप अप राउंड रखा गया है। इसमें अंतिम दौर में अगर कोई सीट खाली रही तो उस पर प्रवेश दिया जाएगा। इस दौरान शैक्षणिक सत्र पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
रक्षा कोटे के न होने से चंडीगढ़ को मिला लाभ
बता दें कि इस वर्ष जीएमसीएच-32 में एमबीबीएस प्रवेश प्रक्रिया के तहत जनरल कोटे में शामिल 93 सीटों में से एक भी सीट रक्षा कोटे को नहीं दी गई। इससे चंडीगढ़ के छात्रों को काफी लाभ मिला। गौरतलब है कि इस समस्या को लेकर चंडीगढ़ के अभिभावक काफी समय से आवाज उठा रहे थे जिसे गंभीरता से लेते हुए पिछले दिनों चंडीगढ़ प्रशासन ने जनरल कोटे में रक्षा कोटे के प्रवेश के मानक पर रोक लगा दी है। पिछले वर्ष रक्षा कोटे के अंतर्गत जनरल कोटे की 22 सीटों पर अन्य जगह के अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया था।