फिरोजपुर: आठ माह की गर्भवती पत्नी और ढाई साल की बच्ची को कस्सी से काटा, एक साल की बच्ची गंभीर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
थाना ममदोट के अंतर्गत गांव पोजोके में रविवार सुबह एक व्यक्ति ने चरित्र पर शक होने के चलते कस्सी से हमलाकर पत्नी और ढाई साल की बच्ची हत्या कर दी। वारदात में एक साल की बच्ची गंभीर जख्मी हो गई। उसे फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पत्नी आठ माह की गर्भवती थी। ग्रामीणों ने आरोपी को काबू कर पुलिस के हवाले किया है। थाना ममदोट पुलिस ने आरोपी पति को काबू कर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक निर्मल कौर (25) की कुछ साल पहले लखविंदर सिंह निवासी गांव पोजोके के साथ शादी हुई थी। लखविंदर अपने माता-पिता के साथ गांव भंबा हाजी में न रहकर अपनी दादी के साथ गांव पोजोके में रहता था। लखविंदर अपनी पत्नी पर शक करता था कि उसके मायके के किसी रिश्तेदार से संबंध है। निर्मल कौर उक्त व्यक्ति से मोबाइल पर बातचीत भी करती है। कई बार इस बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा भी हुआ। एक बार तो पंचायत ने दोनों के बीच राजीनामा भी करवाया था। पंचायत के राजीनामे के बाद भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर झगड़ा होता था।
रविवार सुबह करीब सवा दस बजे निर्मल कौर घर का आंगन लीप रही थी। उसी समय लखविंदर घर आया और उसने आंगन में पड़ी कस्सी उठाकर पत्नी के सिर पर वार किया। निर्मल कस्सी लगने से खून से लथपथ हो गई और जमीन पर गिर गई। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। निर्मल आठ माह की गर्भवती थी।
उसके बाद लखविंदर ने ढाई साल की बच्ची जसमीत कौर और एक साल की बच्ची नवदीप कौर पर भी कस्सी से वार दिया। जसमीत कौर की मौके पर ही मौत हो गई। नवदीप कौर गंभीर जख्मी हो गई। उसे पड़ोसियों ने ममदोट के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया। वहां डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत देखते हुए उसे फरीदकोट के मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया।
लखविंदर के इस खूनी हमले को देख गांव में भगदड़ मच गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित कर लखविंदर को घेर लिया। घटनास्थल पर एसपी (डी) अजय राज सिंह और डीएसपी सतनाम सिंह के अलावा ममदोट थाना की पुलिस पहुंच गई। लोगों ने लखविंदर को पुलिस के हवाले कर दिया। एसपी (डी) अजय राजबीर का कहना है कि लखविंदर को निर्मल के चरित्र पर शक था। इस कारण उसने उसकी हत्या कर दी है। पुलिस ने लखविंदर के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।