एप से शुरू हुई होम क्वारंटीन लोगों की निगरानी, 50 मीटर से बाहर गए तो एफआईआर, ऐसे करें डाउनलोड
होम क्वारंटीन लोगों की निगरानी के लिए नगर निगम ने एक एप लांच किया। इस एप के जरिए होम क्वारंटीन लोगों की निगरानी अब बेहद आसान हो जाएगी।
होम क्वारंटीन व्यक्ति अगर 50 मीटर के रेडियस से बाहर गया तो स्थानीय थाना प्रभारी और एसडीएम के पास एप के माध्यम से तत्काल एक मैसेज पहुंच जाएगा। इसके बाद उस व्यक्ति के खिलाफ तत्काल एआईआर दर्ज की जाएगी। प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने इस एप को लांच किया।
इस दौरान नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर अनिल गर्ग ने बताया कि लोगों को कोरोना संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने से रोकने के लिए नगर निगम ने नई व्यवस्था शुरू की है। यह एप निगम, पुलिस व वेबकॉम सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के सहयोग से तैयार किया गया है।
प्ले स्टोर में जाकर इस एप को होम क्वारंटीन किए गए लोगों के मोबाइल में डाउनलोड कराया जाएगा ताकि वह अपने जोन से बाहर न जाएं। इस एप के जरिए उन्हें हर घंटे अपनी सेल्फी अपलोड करनी होगी। सिस्टम में बैठे लोग इस फोटो को लगातार मैच करते रहेंगे। कुछ भी गड़बड़ मिला तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं एप को मोबाइल में डाउनलोड करने के बाद संबंधित व्यक्ति की जियो फेंसिंग हो जाएगी। उसके बाद क्वारंटीन किया गया व्यक्ति 50 मीटर के रेडियस से बाहर जाने पर स्थानीय थाना प्रभारी व एसडीएम के मोबाइल पर मैसेज पहुंच जाएगा। ऐसा करने वालों पर तत्काल कार्रवाई भी होगी।
आप स्वस्थ रहें, इसलिए डाउनलोड करें एप
एडिशनल कमिश्नर ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या लगातार घट रही है। यह हमारे लिए अच्छी खबर है लेकिन अभी भी काफी संख्या में लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है। जहां कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, उन स्थानों को हॉटस्पॉट जोन बनाया गया है। ऐसे में स्वस्थ व्यक्ति इन लोगों के संपर्क में न आएं इसका भी ध्यान रखा जा रहा है। इसलिए हर व्यक्ति यह एप डाउनलोड करे।
जब कोई स्वस्थ व्यक्ति हॉटस्पॉट या क्वारंटीन किए गए लोगों के क्षेत्र के पास पहुंचेगा तो उसके मोबाइल पर अलार्म बजने लगेगा। इससे उसे पता चल जाएगा कि यहां उसे नहीं जाना चाहिए। इसलिए अपने स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर सभी लोग यह एप डाउनलोड करें।
आप ऐसे कर सकते हैं एप डाउनलोड
http://uen.io/6v4y लिंक से प्ले स्टोर में सीवीडी ट्रैकिंग एप डाउनलोड करें। अपना ईमेल आईडी व पासवर्ड डालें। आपके आसपास के हॉटस्पॉट एरिया मोबाइल पर आ जाएंगे।