'जरूरत पड़ी तो मैं पाकिस्तान में घुसकर दूंगा मुंहतोड़ जवाब'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत अब तक देश के डेढ़ करोड़ लोगों को यह सुविधा मिल चुकी है।
जबकि अगले तीन वर्षों में वह पांच करोड़ जरूरतमंद भारतीयों तक एलपीजी गैस कनेक्शन पहुंचाते हुए प्रधानमंत्री की ओर से शुरू की गई लोक कल्याणकारी योजनाएं जमीनी स्तर पर लागू करेंगे।
राजनाथ मंगलवार को अबोहर के हकीकत राय चौक पर भाजपा उम्मीदवार अरुण नारंग के पक्ष में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। गृहमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति का पूरी दुनिया में सम्मान होता है लेकिन आज वोटों के लालच में पंजाब के मुख्यमंत्री स. प्रकाश सिंह बादल जैसे अति वरिष्ठ नेता का जो अपमान हुआ है वह निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि सत्ता के लालच में कांग्रेस ने सारी मर्यादाएं पार कर दी हैं। आप वोट न दें कोई बात नहीं लेकिन लाठी, जूता चलाते हुए हिंसक न बने यह भारत की संस्कृति नहीं है।
उन्होंने कहा कि महान गुरु साहिबानों की धरती पंजाब के योगदान के बिना हमारा देश विश्व गुरु नहीं बन सकता। जिस पंजाब के सिख योद्धाओं ने देश की एकता और अखंडता के लिए कुर्बानियां दी हैं उसे वोट के लिए बंटने नहीं देना।
'कांग्रेसी पंजाब के युवाओं को नशेड़ी की संज्ञा देते
कांग्रेसी विधायक सुनील जाखड़ पर कटाक्ष करते हुए गृहमंत्री ने कहा कि वह पंजाब के युवाओं को नशेड़ी की संज्ञा देते हैं जबकि देश के लिए कुर्बानियां देने वाले पंजाब का युवा नशेड़ी नहीं हो सकता।
पड़ोसी देश पाकिस्तान के बारे में उन्होंने कहा कि बार-बार चेतावनी देने पर भी वह बाज नहीं आ रहा इसलिए जरूरत पड़ी तो हम पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों का सफाया करेंगे।
उन्होंने कहा कि उन्होंने सीमा सुरक्षा बल को आदेश दिए हैं कि पहली गोली खुद नहीं चलानी और अगर पाक की ओर से शुरूआत होती है तो इधर से चलने वाली गोलियों की गिनती करने की जरूरत नहीं है।
गृहमंत्री ने भाजपा के घोषणा पत्र में किए गए वादे पूरे करने का आश्वासन देते हुए कहा कि अबोहर से अरुण नारंग की जीत के बाद वे शीघ्र ही यहां की जनता का धन्यवाद करने अबोहर आएंगे। मौके पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विजय सांपला, जिलाध्यक्ष विष्णु भगवान डेलू, पूर्व विधायक डा. रामकुमार गोयल, नगर परिषद प्रधान प्रमिल कलानी मौजूद थे।