Punjab News: पंजाब में 4 की मौत, उज्ज दरिया में उफान, पठानकोट और गुरदासपुर के स्कूलों में छुट्टी
मौसम विभाग ने अगले चार दिन पंजाब के ज्यादातर जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। पठानकोट में रावी के किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट रहने को कहा गया है। गुरदासपुर में जिला प्रशासन के नियंत्रण कक्ष स्थापित कर टोल फ्री नंबर 1800-180-1852 जारी किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में बाढ़ से एक बार फिर स्थिति बिगड़ गई है। पटियाला और लुधियाना में चार लोगों की मौत हो गई। पटियाला के राघोमाजरा इलाके में मंगलवार देर रात एक पुराने मकान की छत गिरने से दो सगे भाइयों की जान चली गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। मूलरूप से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के रहने वाले परिवार के सदस्य देर रात खाना खाने के बाद सोने की तैयारी कर रहे थे, इसी बीच छत गिर गई। हादसे में तीन सगे भाई रमा शंकर (55), मुन्ना लाल (35) और चिरंजी लाल (57) और दो अन्य गंगा राम व संतोष कुमार बुरी तरह से घायल हो गए।
लोगों ने उन्हें मलबे से निकाल कर अस्पताल पहुंचाया, जहां रमा शंकर और मुन्ना लाल की मौत हो गई। बाकी तीनों अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं, लुधियाना में सैलून पर काम करने वाले दो मौसेरे भाइयों की गांव धनांसू के पास बुड्ढा नाला में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। दोनों अपने छह दोस्तों के साथ नहाने गए थे। उन्हें निकालने के लिए गोताखोरों की मदद ली गई लेकिन तब तक दोनों दम तोड़ चुके थे। मृतकों की पहचान गुरमेल पार्क टिब्बा रोड निवासी 21 वर्षीय मोतरम व 17 वर्षीय सैफी के रूप में हुई है। दोनों मूलरूप से सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के गांव मीतपुर के रहने वाले थे और यहां ताजपुर रोड पर दुकानों पर काम करते थे।
दूसरी तरफ हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण उज्ज दरिया एक बार फिर उफान पर है। बुधवार जम्मू-कश्मीर की तरफ से दरिया में 2.50 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इससे बमियाल तक का इलाका बाढ़ की चपेट में आ गया। घरों, बाजारों और सरकारी दफ्तरों में भी भर गया। पठानकोट डीसी हरबीर सिंह ने बताया कि उज्ज दरिया के आसपास के गांवों के स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। कुछ घरों को भी खाली करवाया गया है। करीब 100 लोगों को आईटीआई भवन में ठहराया गया है। निचले क्षेत्र के लोगों को अलर्ट किया गया है। रणजीत सागर बांध का जल स्तर 524.50 मीटर तक जलस्तर पहुंच गया है, जो खतरे के निशान से करीब साढ़े तीन मीटर कम है।
गुरदासपुर जिले में भी उज्ज दरिया में उफान के कारण स्थिति बिगड़ गई है। मकौड़ा पत्तन में जलस्तर बढ़ने से दरिया में नाव चलनी बंद हो गई है। इससे दरिया पार पाकिस्तान सीमा से सटे गांव तूर, चेबे, भरियाल, लासियन, मम्मी चकरंगा, कजले और झूमर का संपर्क पंजाब से कट गया है। डीसी हिमांशु अग्रवाल ने डेरा बाबा नानक सब डिवीजन और मकौड़ा पत्तन से पार के स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी हैं।
पटियाला के निचले इलाकों में घरों में घुसा पानी
पटियाला शहर व इसके आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह से हो रही बारिश से एक बार फिर से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और गली-मोहल्लों में जलभराव हो गया है। राघोमाजरा, अनारदाना चौक, आर्य समाज चौक, त्रिपड़ी, गुरुनानक नगर, बाबा दीप सिंह नगर में लोगों के घरों में पानी घुस गया है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने डकाला चुंगी के पास शीशमहल के पीछे जैकेब ड्रेन के फ्लड गेट खुलवाए गए हैं। डीसी साक्षी साहनी ने बताया कि स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है।
पंजाब में अगले चार दिन ज्यादातर जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिन पंजाब के ज्यादातर जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पठानकोट में रावी के किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट रहने को कहा गया है। गुरदासपुर में जिला प्रशासन के नियंत्रण कक्ष स्थापित कर टोल फ्री नंबर 1800-180-1852 जारी किया है।
लुधियाना-चंडीगढ़ रेल मार्ग बहाल
उधर, साहनेवाल-चंडीगढ़ रेल सेक्शन में जलभराव की वजह से रद्द ट्रेनें वापस पटरी पर लौट आई हैं। रेलवे ने पटरी की मरम्मत के बाद लुधियाना-चंडीगढ़ रेल मार्ग को बहाल कर दिया है। लुधियाना से चंडीगढ़ के बीच बंद ट्रेनों के शुरू होने से यात्रियों ने राहत महसूस की है। गौरतलब है कि इस रूट पर रोजाना हजारों की संख्या में लोग यात्रा करते हैं। लुधियाना के स्टेशन अधीक्षक अमरीक सिंह ने बताया कि रद्द ट्रेनों को चरणबद्ध तरीके से चलाया जा रहा है।