हरियाणा निकाय चुनाव: रिकॉर्ड 70.4 फीसदी हुआ मतदान, छिटपुट घटनाओं के बीच शांतिपूर्ण संपन्न, रेवाड़ी में सर्वाधिक मत पड़े
निकाय चुनाव में इस बार मौसम ने भी मतदाताओं का साथ दिया। बादल छाए रहने और तापमान में गिरावट के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली। इस कारण अधिक संख्या में मतदाता घरों से बाहर निकल कर बूथों तक पहुंचे।
विस्तार
हरियाणा में रविवार को 18 नगर परिषदों और 28 नगर पालिकाओं के लिए रिकॉर्ड 70.4 प्रतिशत मतदान हुआ। छिटपुट घटनाओं और तनातनी के बीच मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। सुबह सात बजे से रात आठ बजे तक मतदाताओं ने शहरी सरकार चुनने के लिए अपना वोट डाला। प्रदेश की 46 निकायों के अध्यक्ष और पार्षद पद के लिए 3504 उम्मीदवारों का राजनीतिक भविष्य 4700 से ज्यादा ईवीएम में बंद हो चुका है।
इन मशीनों को स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है। चुनाव के नतीजे 22 जून को आएंगे और मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू होगी।निकाय चुनावों में 2632 बूथों पर कुल 18,39,455 मतदाताओं में से 12 लाख 95 हजार से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। रेवाड़ी में सबसे अधिक 84.6 प्रतिशत मतदान हुआ।
पिछले दो चुनावों के मुकाबले इस बार रिकॉर्ड मतदान हुआ है। चुनावी प्रक्रिया में करीब 10 हजार कर्मचारी लगे रहे, जबकि 12 हजार पुलिस कर्मचारियों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। 27 दिसंबर 2020 में अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगमों के सभी वार्डों के सदस्य और महापौर पद के लिए, रेवाड़ी के नगरपालिका परिषद, सांपला (रोहतक), धारूहेड़ा (रेवाड़ी) और उकलाना (हिसार) की नगरपालिका समितियों के अध्यक्ष और सभी सदस्यों के लिए हुए मतदान में 60 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसी प्रकार, 2018 में पांच नगर निगमों में मेयर और सदस्यों के लिए हुए चुनाव में कुल 70 प्रतिशत तक मतदान हुआ था। इस बार आंकड़ा 70 प्रतिशत को पार कर रहा है। देर रात तक मतदान प्रतिशत में और वृद्धि हो सकती है।
आप ने पूर्व विधायक को किया निष्कासित
सोनीपत के गन्नौर, फतेहाबाद, हिसार के हांसी और रेवाड़ी के बावल में फर्जी वोट डालने को लेकर विवाद हुआ। वहीं, गन्नौर में झगड़े में कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है। पानीपत के समालखा में पूर्व विधायक और आप के उम्मीदवार भरत सिंह छौक्कर द्वारा निर्दलीय उम्मीदवार संजय बेनिवाल को समर्थन दिया गया। दोपहर बाद ही पार्टी ने उनको निष्कासित कर दिया। गौर हो कि चुनाव के ऐन मौके पर छोक्कर ने आप ज्वाइन की थी।
मौसम ने दिया साथ
निकाय चुनाव में इस बार मौसम ने भी मतदाताओं का साथ दिया। बादल छाए रहने और तापमान में गिरावट के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली। इस कारण अधिक संख्या में मतदाता घरों से बाहर निकल कर बूथों तक पहुंचे। सुबह 11 बजे 21.7, दोपहर 12 बजे 32.3, 1 बजे 44.4, 2 बजे 48.8, 3 बजे 55.6, शाम 4 बजे 63.1, शाम 5 बजे 67.2 और रात आठ बजे 70.4 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
रात 8 बजे तक 12 लाख 95 हजार 508 मतदाताओं ने मतदान किया, जो कुल मतदान का 70.4 प्रतिशत है। कुछ मतदान केंद्रों पर रात में भी मतदाता वोट देने के लिए कतार में थे। पूरे प्रदेश में मतदान शांतिपूर्ण रहा, कहीं भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। कुछ जगहों पर ईवीएम में खराबी आई थी लेकिन उसे तत्काल दूर कर दूसरी मशीन से मतदान शुरू करवाया गया। जहां-जहां मतदान खत्म हो गया है, वहां-वहां पोलिंग स्टॉफ ने ईवीएम को स्ट्रॉगरूम में रखा जा रहा है। मतदान में लगे पोलिंग एजेंट, पुलिस कर्मचारी व अन्य कर्मचारियों ने अपने कार्य को बखूबी निभाया। सभी को बधाई। - धनपत सिंह, चुनाव आयुक्त, हरियाणा
किस जिले में कितने प्रतिशत मतदान
| जिला | बूथ | कुल वोट | पड़े वोट | प्रतिशत |
| रेवाड़ी | 13 | 10995 | 9300 | 84.6 |
| गुरुग्राम | 45 | 40300 | 32017 | 79.4 |
| यमुनानगर | 13 | 10513 | 8218 | 78.2 |
| रोहतक | 19 | 16716 | 12954 | 77.5 |
| फतेहाबाद | 163 | 152645 | 118095 | 77.4 |
| हिसार | 101 | 93922 | 71116 | 75.7 |
| सिरसा | 99 | 83138 | 61783 | 74.3 |
| मेवात | 56 | 47140 | 35647 | 75.6 |
| महेंद्रगढ़ | 112 | 103634 | 78219 | 75.5 |
| कैथल | 151 | 147077 | 108087 | 73.5 |
| करनाल | 96 | 80473 | 58418 | 72.6 |
| कुरुक्षेत्र | 110 | 93049 | 66522 | 71.5 |
| जींद | 216 | 201583 | 141589 | 70.2 |
| पानीपत | 34 | 31141 | 21588 | 69.3 |
| अंबाला | 20 | 18217 | 12494 | 68.6 |
| पंचकूला | 97 | 87617 | 59741 | 68.2 |
| चरखी दादरी | 45 | 42635 | 29057 | 68.2 |
| पलवल | 170 | 173106 | 114153 | 65.9 |
| सोनीपत | 102 | 90396 | 59328 | 65.6 |
| भिवानी | 140 | 146264 | 93089 | 63.6 |
| झज्जर | 159 | 168894 | 104187 | 61.7 |