अनिल विज का ट्वीट- आईसीएमआर की मंजूरी के बाद सभी मेडिकल कॉलेजों में प्लाज्मा थेरेपी से इलाज
हरियाणा में लगातार कोरोना के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। खासकर एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) के जिलों में। इसको लेकर सरकार भी चिंतित है। वहीं हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने सोमवार को ट्वीट कर जानकारी दी है कि आईसीएमआर (इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च) की मंजूरी के बाद हरियाणा के सभी मेडिकल कॉलेजों में प्लाज्मा थेरेपी से इलाज किया जाएगा।
Haryana to start Plasma Therapy for treatment of Covid-19 Patients in all its medical colleges after approval from ICMR
— ANIL VIJ MINISTER HARYANA (@anilvijminister) June 29, 2020
यह है प्लाज्मा थेरेपी
प्लाज्मा थेरेपी एक ऐसी तकनीक है जिसके जरिए एक ठीक हुए मरीज के शरीर से एंटीबॉडी यानी कि रोग प्रतिकारक को कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज के अंदर ट्रांसफर कर दिया जाता है। यह कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज के अंदर प्रवेश करने के बाद वायरस से लड़ता है और मरीज को वायरस से बचाता है।
प्रदेश में मरीजों के इलाज को लेकर सरकार बहुत ज्यादा संजीदा है। कोरोना संक्रमित मरीजों का रिकवरी रेट बढ़ रहा है। आईसीएमआर से अप्रूवल के बाद हरियाणा के सभी मेडिकल कॉलेजों में संक्रमित मरीजों का इलाज अब प्लाज्मा थेरेपी से होगा। उम्मीद है कि इस थेरेपी से मरीजों की रिकवरी और तेज होगी और उनकी हालत में सुधार आएगा। - अनिल विज, स्वास्थ्य मंत्री, हरियाणा