हरियाणा के बिजली मंत्री का पद से इस्तीफा
हरियाणा से बड़ी खबर आ रही है। मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा के खिलाफ बगावती तेवर अख्तियार करने वाले प्रदेश के बिजली मंत्री कैप्टन अजय सिंह ने पद से इस्तीफा दे दिया है।
हालंकि कैप्टन अजय यादव ने साफ़ किया कि फिलहाल वो कांग्रेस नहीं छोड़ रहे हैं ।
कैप्टन अजय सिंह के मुताबिक, राज्य में सिर्फ कुछ विशेष क्षेत्रों का ही विकास किया जा रहा है और कई इलाकों के साथ विकास के नाम पर भेदभाव किया जा रहा है, जिसमें उनका क्षेत्र भी शामिल है।
दरअसल, कैप्टन अजय सिंह मीरपुर गांव में चल रहे इंदिरा गांधी रीजनल सेंटर को यूनिवर्सिटी बनवाना चाहते हैं और 1 सितंबर को रेवाड़ी में होने वाली रैली में मुख्यमंत्री हुड्डा इसकी घोषणा भी करने वाले थे, लेकिन फिर हुड्डा ने मामले को लटका दिया, जिससे अजय सिंह नाराज हो गए।
हुड्डा के खिलाफ बगावती तेवर अख्तियार
विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी में एकजुटता लाने की कांग्रेस की मुहिम को बड़ा झटका लगा है। कैप्टन अजय यादव मंगलवार सुबह खुद चलकर चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचे और अपना इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कहा पार्टी लोकसभा चुनाव में हुई गलतियों से सीख नहीं रही है और गलतियों को लगातार दोहराया जा रहा है।
गौरतलब है कि दो सप्ताह पहले बिजली मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव को रेवाड़ी के गांव धारुहेड़ा में उस वक्त में लोगों के विरोध का सामना करना पड़ गया, जब वो नगर सुधार समिति के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने पहुंचे थे।
अजय यादव जैसे ही कार्यक्रम खत्म कर अपनी गाड़ी की ओर जाने लगे कुछ लोगों ने काले झंडे दिखाकर नाराजगी जताई। लोगों का आरोप है कि अजय यादव ने इलाके में विकास का काम नहीं करवाया। इस बात ने अजय यादव के हुड्डा विरोधी मोर्चे में आग में घी डालने का काम किया था।