नया आदेश: हरियाणा में स्कूलों का समय बदला, एक मार्च से सुबह आठ बजे खुलेंगे और दोपहर ढाई बजे होंगे बंद
घटते कोरोना संक्रमण के बीच हरियाणा सरकार ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। एक मार्च से प्रदेश में सभी स्कूल नई समय सारिणी के अनुसार खुलेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के सरकारी स्कूलों का समय पहली मार्च से बदलने जा रहा है। अब स्कूल सुबह आठ से ढाई बजे तक खुलेंगे। पहली मार्च को महाशिवरात्रि का अवकाश होने के कारण स्कूल बंद रहेंगे, इसलिए नई समय सारिणी दो मार्च से प्रभावी होगी। बच्चों व शिक्षकों के लिए स्कूल खुलने व बंद होने का समय एक समान रहेगा। अभी तक स्कूल नौ से साढ़े तीन बजे तक खुल रहे थे। बच्चों को एक बजे तक ही पढ़ाया जाता था, जबकि स्टाफ साढ़े तीन बजे तक स्कूलों में रहता था। निदेशक सेकेंडरी शिक्षा ने सोमवार को इस संबंध में सभी जिला शिक्षा व मौलिक शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिया है।
सेवानिवृत्त शिक्षकों, लेक्चरर की सेवाएं फिर खत्म
स्कूलों में सुगम शिक्षा अभियान के तहत पुनर्नियुक्त सेवानिवृत्त शिक्षकों, लेक्चरर की सेवाएं स्कूल शिक्षा विभाग ने एक बार फिर समाप्त कर दी हैं। सेकेंडरी शिक्षा निदेशक ने सोमवार को सभी जिला शिक्षा व मौलिक शिक्षा अधिकारियों को इन्हें तुरंत भारमुक्त करने का निर्देश दिया है। इन्हें 25 जनवरी 2022 को भी भारमुक्त किया गया था लेकिन एक दिन बाद ही आदेश पर रोक लगा दी गई। हसला के नेता बीर सिंह राणा ने विभाग के इस निर्णय पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि इस समय स्कूलों में कक्षाएं चल रही हैं। बच्चों की परीक्षाएं सिर पर हैं। ऐसे समय में पुनर्नियुक्त शिक्षकों को हटाना अनुचित है। इस समय इन शिक्षकों, लेक्चरर की बेहद जरूरत है।
15 मार्च से पांचवीं से आठवीं की परीक्षाएं
हरियाणा में पांचवीं से आठवीं कक्षा तक की वार्षिक परीक्षाएं 15 से 27 मार्च तक होंगी। 31 मार्च को परीक्षा परिणाम आएगा और पहली अप्रैल से नया सत्र चलेगा। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं परीक्षण परिषद (एससीईआरटी) डेटशीट व प्रश्नपत्र तैयार कर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों के साथ सीडी, सॉफ्ट कॉपी में साझा करेगी। पहली से चौथी कक्षा की डेटशीट स्कूल खुद बनाएंगे।
10 मार्च से 9वीं और 11वीं की परीक्षाएं
हरियाणा में नौवीं और ग्यारहवीं की वार्षिक परीक्षा 10 मार्च से शुरू होकर 25 मार्च तक चलेंगी। स्कूल अपने स्तर पर ही परीक्षाओं की डेटशीट बनाएंगे। परीक्षाएं खत्म होने के तुरंत बाद उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन सीबीएसई पद्धति पर कराया जाएगा। निदेशक माध्यमिक शिक्षा ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, सीबीएसई से संबद्धता प्राप्त मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों के प्रधानाचार्य को निर्देश जारी कर दिया है। उन्होंने कहा है कि अपने अधीनस्थ स्कूलों के मुखिया से मार्च में दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुनिश्चित कराएं।
कोरोना: 360 नए केस, दो मरीजों की मौत
हरियाणा में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 360 नए केस मिले हैं, जबकि गुरुग्राम में दो मरीजों की मौत दर्ज की गई। प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या घटकर 2170 रह गई है। इनमें से भी 2016 मरीज घरों में ही इलाज ले रहे हैं। इस समय केवल गुरुग्राम में ही सबसे अधिक 172 केस मिले हैं। शेष 21 जिलों में 50 से नीचे ही आंकड़े हैं। फरीदाबाद में 33, हिसार में 36 और पलवल में 26 नए मरीज मिले हैं। इसके अलावा फतेहाबाद में एक भी नया केस नहीं मिला है।