हरियाणा सरकार का फैसला: राशन कार्ड धारकों को प्रति सदस्य पांच किलो गेहूं मुफ्त, 1.23 करोड़ लोगों को फायदा
मई और जून माह में एएवाई, बीपीएल, ओपीएच कार्ड के करीब एक करोड़ 23 लाख लाभार्थियों को प्रति सदस्य के अनुसार पांच किलोग्राम गेहूं मुफ्त उपलब्ध करवाई जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा सरकार ने कोरोना महामारी में गरीब, जरूरतमंद परिवारों की राशन की कमी दूर करने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मई और जून माह में एएवाई, बीपीएल, ओपीएच कार्ड के करीब एक करोड़ 23 लाख लाभार्थियों को प्रति सदस्य के अनुसार पांच किलोग्राम गेहूं मुफ्त उपलब्ध करवाई जाएगी। सरकार मई, जून व जुलाई में कार्ड धारकों को कम दरों पर बाजरा, चीनी व सरसों का तेल भी वितरित करेगी।
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने मंगलवार को बताया कि किसी के पास राशन की कमी नहीं रहने दी जाएगी। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत 1,22,51,366 लाभार्थियों को आवश्यक वस्तुओं का वितरण कर लाभ पहुंचाया जाएगा। इनमें अन्त्योदय अन्न योजना (एएवाई) यानी कि गुलाबी कार्ड की कुल संख्या 2,48,134 व सदस्य 9,98,340, बीपीएल यानी पीला कार्ड की कुल संख्या 8,92,774 व सदस्य 41,00,546 और ओपीएच यानी खाकी कार्ड की कुल संख्या 15,63,947 व 71,52,480 सदस्य शामिल हैं।
मई व जून माह में एएवाई, बीपीएल, ओपीएच कार्ड धारकों को प्रति सदस्य पांच किलोग्राम गेहूं मुफ्त में दिया जाएगा। इसके अलावा मई, जून व जुलाई में उपभोक्ताओं को अनाज में गेहूं, आटा, बाजरा का वितरण क्रमश: दो, पांच, एक रुपये प्रति किलोग्राम की दर पर किया जाएगा। इसमें एएवाई कार्ड धारकों को बाजरा 10 किलोग्राम प्रति कार्ड मिलेगा, बीपीएल व ओपीएच कार्ड धारकों के लिए बाजरा की मात्रा दो किलोग्राम प्रति सदस्य के अनुसार होगी। हर माह चीनी का वितरण एएवाई व बीपीएल कार्ड धारकों को किया जाएगा। इन दोनों कार्ड धारकों को एक किलोग्राम चीनी 13.50 रुपये के अनुसार प्रति परिवार वितरित की जाएगी। सरसों का तेल एएवाई व बीपीएल राशन कार्ड धारकों को 20 रुपये प्रति लीटर की दर से दो लीटर हर माह वितरित किया जाएगा।
इन जिलों में इस तरह होगा वितरण
उन्होंने बताया कि मई, जून एवं जुलाई 2021 में 17 जिलों भिवानी, चरखी दादरी, फरीदाबाद, फतेहाबाद, गुरुग्राम, झज्जर, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, महेन्द्रगढ़, मेवात, पलवल, पंचकूला, पानीपत, रेवाड़ी, सिरसा एवं सोनीपत में एएवाई राशनकार्ड धारकों को 25 किलोग्राम गेहूं 2 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से व 10 किलोग्राम बाजरा एक रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध करवाया जाएगा। बीपीएल एवं ओपीएच कार्डधारकों को 3 किलोग्राम गेहूं 2 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से और दो किलोग्राम बाजरा एक रुपये प्रति किलोग्राम की दर से मिलेगा।
अन्य पांच जिलों अंबाला, करनाल, रोहतक, हिसार एवं यमुनानगर में एएवाई राशनकार्ड धारकों को 25 किलोग्राम गेहूं 5 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से व 10 किलोग्राम बाजरा एक रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध होगा। बीपीएल एवं ओपीएच कार्डधारकों को 3 किलोग्राम आटा 5 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से और दो किलोग्राम बाजरा एक रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध करवाया जाएगा।