फिर नाकाम साबित हुई हरियाणा सरकार, बुलाई कैबिनेट की आपात बैठक
राम रहीम पर फैसला आने से पहले हरियाणा मुख्यमंत्री मनोहर लाल की तरफ से की गई शांति की अपील का डेरा समर्थकों पर कोई असर नहीं दिखा। अब एक बार फिर सीएम मनोहर लाल ने एक वीडियो जारी कर कहा है कि हिंसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में ना ले।
उधर, पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पुलिस के आला अधिकारियों से बात कर डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को सजा के बाद उपजे स्थिति की जानकारी ली। उसके बाद उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से बात कर उन्हें पंजाब के सारे हालात और हुई घटनाओं के बारे में बताया।
सीएम ने उन्होंने पुलिस की ओर से किए प्रबंधों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने पंजाब के लोगों को आश्वस्त किया कि सूबे में कुछ जगह छोटी घटनाएं हुई हैं, लेकिन हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। पुलिस और अर्ध सैनिक बल किसी भी स्थिति से निपटने को तैयार हैं। संवेदनशील इलाकों में खासतौर पर अर्ध सैनिक बलों को तैनात किया गया है। सेना को भी जरूरत पड़ने पर बुलाया जाएगा। कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए कुछ शहरों में एहतियातन कर्फ्यू लगाया गया है। उन्होंने लोगों को भरोसा दिया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं, वह खुद सभी चीजों को मॉनिटर कर रहे हैं। चीजें नियंत्रण से बाहर होने से रोकने को हरसंभव कदम उठाए जाएंगे। इससे पहले सीएम ने पंचकूला सीमा पर जीरकपुर में तैनात अर्ध सैनिक बल और पुलिस मुलाजिमों से मुलाकात की। उन्हें फल भेंट किए और हौसला बढ़ाया।