छात्र चुनाव तय करेंगे किसकी बनेगी सरकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा विधानसभा चुनाव का बिगुल कभी भी बज सकता है। प्रदेश की राजधानी होने के कारण चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) कैंपस में हर साल सैकड़ों युवा विभिन्न कोर्स में दाखिला लेते हैं। हरियाणा की राजनीति में भी पीयू का काफी बड़ा योगदान रहा है।
हरियाणा विधानसभा चुनाव सितंबर अंत या अक्तूबर शुरू में होने तय हैं, लेकिन राजनीतिक पार्टियों ने युवाओं का वोट बैंक मजबूत करने के लिए जमीनी तैयारी शुरू कर दी है। हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले कई राजनीतिक पार्टियों की पीयू छात्र संगठन चुनाव में दंगल जीतने की कोशिश है।
पीयू में होने वाले छात्र काउंसिल चुनाव को लेकर बड़ी पार्टियां काफी रुचि दिखाती हैं। पीयू के छात्र नेताओं को हरियाणा के राजनेताओं ने पीयू में अपनी पकड़ मजबूत करने को कहा है, ताकि इसका लाभ राज्य के चुनाव में मिल सके। पीयू छात्र काउंसिल के चुनाव सितंबर में होने की उम्मीद है।
राजनीतिक पार्टियों का पीयू संगठनों को समर्थन
पीयू कैंपस में लगभग एक दर्जन छात्र संगठन हैं। हर साल इनकी तादाद बढ़ती जा रही है। कई संगठन तो सीधे तौर पर राजनीतिक पार्टियों के साथ लगाव को स्वीकार करते हैं, जबकि कुछ पर्दे के पीछे से युवाओं का वोट बैंक बनाते हैं। पीयू की इंडियन नेशनल स्टूडेंट आर्गेनाइजेशन (इनसो) हरियाणा में इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) द्वारा स्थापित छात्र संगठन है।
2005 से पीयू कैंपस में शुरू हुई इनसो का समर्थन हर साल पीयू के बड़े छात्र संगठनों की हार जीत का फैसला करता है। पीयू में स्टूडेंट आर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया (एसओई) अकाली दल की युवा विंग मानी जाती है, लेकिन अभी तक सोई को कैंपस में बड़ी जीत हासिल नहीं हो पाई है।
2013 में चुनावी मैदान में उतरी राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की युवा विंग नेशनल स्टूडेंट आर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने पहली बार में ही प्रधान पद पर जीत हासिल कर नया रिकार्ड बनाया है।
पीयू कैंपस में बेशक स्टूडेंट आर्गेनाइजेशन ऑफ पंजाब यूनिवर्सिटी (सोपू) और पंजाब यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन (पुसू) के बीच कांटे की टक्कर है, लेकिन दोनों छात्र संगठनों के अधिकतर नेता कांग्रेस के समर्थक माने जाते हैं। पीयू में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और हिंदुस्तान स्टूडेंट एसोसिएशन (एचएसए) का बीजेपी की तरफ रुझान रहता है।
इनेलो का कैंपस में शक्ति प्रदर्शन
इनेलो ने कुछ रोज पहले ही पीयू के जिम्नेजियम हाल में काफी बड़ा आयोजन किया। इनेलो सांसद दुष्यंत चौटाला, दिग्विजय चौटाला, कर्ण चौटाला सहित काफी युवा नेताओं ने शिरकत की थी। इनेलो नेताओं ने युवाओं से हरियाणा चुनाव में मदद की भी अपील की है। बुधवार को पीयू कैंपस में हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता प्रेम कुमार धुमल के बेटे अरूण धुमल भी हिमाचल प्रदेश स्टूडेंट एसोसिएशन (एचपीएसए) को नए सिरे से लॉन्च करने के लिए पहुंचे। आने वाले दिनों में भी हरियाणा के कई युवा नेता पीयू कैंपस में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचेंगे।
पीयू कैंपस और शहर के कॉलेजों में इनसो का काफी बड़ा जनाधार है। पिछले कुछ वर्षों से अधिकतर कॉलेजों में इनसो ने कई पदों पर जीत हासिल की है। इस बार विधानसभा चुनाव में इनसो विंग पूरी तैयारी के साथ इनेलो की जीत में अपनी ताकत झोंक देगी।
-अनिल घनघस, इनसो यूटी यूनिट के प्रेसिडेंट