हिंसा भड़काने को लेकर हरसिमरत पर बरसे कैप्टन, चुनाव आयोग से की अपील
प्रदेश कांग्रेस प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल की भड़काऊ टिप्पणी की निंदा की है। साथ ही अकाली दल सहित आम आदमी पार्टी को हिंसा उकसाने के खिलाफ चेतावनी दी है।
कैप्टन ने कहा कि ऐसे कदमों की आंच न सिर्फ खुद इन पर पड़ेगी, बल्कि इससे राज्य को भी नुकसान होना तय है। उन्होंने विधानसभा चुनाव के दौरान संयम बरते जाने पर बल दिया।
चुनाव आयोग से भी ऐसे बयानों का कड़ा नोटिस लेने और चुनावों को हिंसा के चक्कर में फंसने से बचानो को सभी बाधाकारी तत्वों पर कार्रवाई की अपील की है।
कैप्टन ने कहा कि हरसिमरत द्वारा दिया गया बयान कि अगर सीएम प्रकाश सिंह बादल अकाली वर्करों को हिंसक होने के लिए कह दें, तो आप वर्कर जिंदा नहीं बचेंगे, बहुत ज्यादा भड़काऊ है।
चुनाव आयोग से दखल की अपील
कुछ मतदाताओं के मनों में डर पैदा करने के लिए अकाली ऐसा कर सकते हैं। बीते कुछ दिनों से आप और शिअद वर्करों के बीच हो रहे श्रंखलाबद्ध टकरावों ने पंजाब में चुनावी हिंसा को लेकर उनके डर को सही साबित कर दिया है।
जहां केंद्र सरकार राज्य पुलिस को आतंकी व सांप्रदायिक हिंसा के चलते चुनावों से पहले माहौल खराब होने को लेकर चेतावनी दे चुकी है। वहीं, हालात पहले से तनावपूर्ण और बहुत विस्फोटक हो चले हैं। कैप्टन ने कहा कि सभी पार्टियों को अपने वर्करों से गैंगस्टरों के खतरनाक इरादों का मुकाबला करते हुए शांत व नियंत्रण में रहने के निर्देश देने चाहिए।
हरसिमरत को पार्टी वर्करों को उकसाने के बजाय उन्हें शांत रहने की अपील करके हालातों को संभालने की कोशिश करनी चाहिए थी। नहीं तो भड़काऊ तत्वों को हिंसा भड़काने का मौका मिल सकता है।
उन्होंने बादलों पर पत्थरबाजी व जूता फेंकने की घटनाओं की भी निंदा की। लोगों से अकाली नेतृत्व के खिलाफ गुस्सा हिंसक गतिविधियों के बजाय वोट के रूप में निकालने को कहा। क्योंकि यह चुनाव उनके लिए भ्रष्ट व अपराधी बादल सरकार से छुटकारा पाने का बड़ा अवसर है।