'आधार' नहीं है डॉन्ट वरी, ऐसे लें गैस सब्सिडी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गैस उपभोक्ताओं को सरकार ने राहत प्रदान करते हुए बिना आधार कार्ड वालों को भी सब्सिडी देने का फैसला लिया है। जिन गैस उपभोक्ताओं ने अपना आधार कार्ड बैंक खाते जमा (लिंकअप) नहीं करवाया है, उन्हें सरकार द्वारा कुछ और दिन का समय दिया गया है। बिना आधार कार्ड वालों को भी सरकार सब्सिडी देगी, मगर 31 मार्च, 2015 तक ऐसे उपभोक्ताओं को अपना बैंक खाता लिंक करवाना आवश्यक है।
गैस उपभोक्ताओं को सीधे बैंक खातों में सब्सिडी के लाभ के लिए एक जनवरी से डीबीटीएल (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर ऑफ एलपीजी सब्सिडी) प्रणाली शुरू की जा रही है। इसके बाद उपभोक्ताओं को सीधे गैस सिलेंडर पर सब्सिडी देने के बजाय बैंक खातों के माध्यम से ही लाभ दिया जाएगा।
इसके लिए सरकार द्वारा निर्देश जारी किए जा चुके हैं। हालांकि अभी आधार कार्ड नहीं बनवा पाने वाले के लिए 31 मार्च, 2015 तक का समय दिया है। जिन उपभोक्ताओं ने अपने गैस कनेक्शन को बैंक खातों से लिंक करवाया है, उन्हें सब्सिडी का लाभ एक जनवरी से ही मिलना शुरू हो जाएगा।
17 अंक वाला एलपीजी आईडी
गैस एजेंसियां उपभोक्ताओं के मोबाइल पर एसएमएस कर आईडी नंबर भेज रही हैं। गैस सिलेंडर लेते समय हॉकर द्वारा दिए जाने वाले कैश मेमो में भी आईडी नंबर है।
संबंधित एजेंसी से भी नंबर लेकर फॉर्म भर सकते हैं। वेबसाइट पर जाकर संबंधित गैस कंपनी पर एक क्लिक करना होगा। एजेंसी का नाम व उपभोक्ता नंबर डालने पर 17 अंक का एलपीजी आईडी स्क्रीन पर होगा।
इस तरह करवाएं बैंक खाता लिंक
गैस उपभोक्ता सब्सिडी के लिए बैंक खातों को लिंक करवाने के लिए दस्तावेज गैस एजेंसी में फार्म भरकर जमा करवाएं। एक फार्म उन उपभोक्ताओं के लिए हैं, जिनके आधार कार्ड बने हुए हैं तथा दूसरा फार्म उन उपभोक्ताओं के लिए हैं जिनके पास आधार कार्ड नहीं हैं। ऐसे उपभोक्ता जिन्होंने मार्च तक फॉर्म नहीं भरे हैं, उनकी अप्रैल से जून तक की सब्सिडी एक साथ दी जाएगी। इतना ही नहीं जिन उपभोक्ताओं के आधार कार्ड जून तक भी नहीं आते हैं तो वे भविष्य में कभी भी अपने आधार कार्ड की प्रति बैंक व गैस एजेंसी में जमा करा सकते हैं।
इन उपभोक्ताओं को मिलेगा सब्सिडी का लाभ
जिन गैस उपभोक्ताओं ने 31 मार्च, 2015 तक बैंक खाता लिंकअप करवाया है, उन्हें सब्सिडी रेट पर गैस मिलती रहेगी। यदि उपभोक्ता मार्च तक भी आधार कार्ड या बैंक खाता लिंकअप नहीं कराता तो इसके लिए जून तक का समय दिया गया है।
सब्सिडी का पैसा 1 अप्रैल को
उपभोक्ताओं को हर साल एक अप्रैल को सब्सिडी का पैसा मिलेगा जिस माह में यह स्कीम शुरू होगी, तब से पैसे बैंक खाते में डालने शुरू किए जाएंगे।
इससे यह साफ होगा किसने सब्सिडी सिलेंडर लिए हैं यानी इसमें पारदर्शिता आएगी। जितने सिलेंडर सब्सिडी के लिए जाएंगे, उतने पर सब्सिडी के पैसे खाते में डाल दिए जाएंगे।
क्या करें अगर समय पर न आए पैसा तो
गैस उपभोक्ता सब्सिडी न आने पर परेशान न हों। यदि खाते में सब्सिडी का पैसा समय पर नहीं आता तो बैंक से सीधा संपर्क किया जा सकता है। साथ ही यूआईडीएआई के लोकल कार्यालय में इसकी शिकायत की जा सकती है।
मनीषा मेहरा, डीएफएससी, पानीपत ने बताया कि उपभोक्ताओं के खातों से लिंकअप फार्म 31 मार्च तक जमा कराने के निर्देश हैं। तब तक उपभोक्ता निर्धारित फार्म भरकर एजेंसी पर जमा करा सकते हैं। उपभोक्ता जल्द से जल्द आधार बनवाकर खाते से लिंक कराएं ताकि भविष्य में उन्हें सब्सिडी का लाभ मिलता रहे।