आयकर छापों के खिलाफ आढ़तियों की हड़ताल शुरू, पंजाब की सभी मंडियां रहीं ठप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में आढ़तियों के ठिकानों पर मारे गए आयकर छापों के खिलाफ आढ़ती एसोसिएशन की चार दिवसीय हड़ताल मंगलवार से शुरू हो गई। पहले ही दिन राज्य की सभी मंडियों में काम ठप रहा। इस बीच आढ़ती एसोसिएशन ने यह भी एलान कर दिया है कि तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन का वे निरंतर समर्थन करते रहेंगे।
मंगलवार को पंजाब की सभी दाना मंडियों में सन्नाटा पसरा रहा। आढ़ती एसोसिएशन के प्रवक्ता ने कहा कि आढ़तियों के खिलाफ केंद्र सरकार द्वारा आयकर विभाग के जरिए की जा रही कार्रवाई बदले की भावना से की जा रही है, क्योंकि आढ़ती एसोसिएशन दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलन कर रहे किसानों का समर्थन कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार चाहे जो मर्जी कर ले लेकिन आढ़ती एसोसिएशन अपने अन्नदाताओं की मदद और उनका समर्थन करती रहेगी। प्रवक्ता ने केंद्र सरकार को चेताया कि अगर आढ़तियों पर छापे बंद नहीं की किए तो एसोसिएशन कोई सख्त कदम उठाने पर मजबूर होगी।
फेडरेशन ऑफ आढ़ती एसोसिएशन पंजाब के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट देवीदयाल गोयल ने कहा कि हम किसानों के साथ हैं और उन्हें पूरी मदद करेंगे। केंद्र सरकार को तीनों कृषि कानून तुरंत वापस लेने चाहिए। किसान और आढ़ती का नाखून-मांस का रिश्ता है। किसानों के दुख-सुख में आढ़ती ही उनके साथ खड़े रहते हैं। फिलहाल उनकी एसोसिएशन ने चार दिन की हड़ताल का एलान किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने आयकर विभाग के जरिए आढ़तियों और किसान आंदोलन पर दबाव बनाने का तरीका ढूंढा है लेकिन अगर सरकार की यह हरकत जारी रही तो आढ़ती एसोसिएशन भी अपनी हड़ताल जारी रखेगी।
फरीदकोट में केंद्र सरकार पर बरसे आढ़ती
फरीदकोट में आढ़तियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। आढ़तियों का आरोप है कि किसान आंदोलन का समर्थन करने पर आयकर विभाग ने फेडरेशन के प्रांतीय प्रधान व पंजाब मंडीकरण बोर्ड के वाइस चेयरमैन विजय कालड़ा समेत अन्य आढ़ती नेताओं के यहां छापे मारे हैं। फरीदकोट आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान कुलभूषण राये गर्ग ने कहा कि यह कार्रवाई केंद्र सरकार के इशारे पर की गई है।
कोटकपूरा में हड़ताल के दौरान आढ़तिया एसोसिएशन के प्रधान कृष्ण कुमार गोयल की अगुवाई में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई और कृषि कानून रद्द होने तक संघर्ष जारी रखने का एलान किया।
पटियाला में आढ़तियों ने नहीं किया काम
आयकर छापों विरोध में आढ़ती एसोसिएशन पंजाब के आह्वान पर चार दिनों की हड़ताल के पहले दिन मंगलवार को आढ़तियों ने कारोबार नहीं किया। आढ़ती एसोसिएशन समाना के प्रधान पवन बांसल ने कहा कि हड़ताल से आढ़तियों को नुकसान होगा। अब उनके पास और कोई चारा नहीं था। किसान आंदोलन को दबाने के लिए केंद्र सरकार ने आढ़तियों खिलाफ साजिश के तहत छापे डलवाए है। वाइस प्रधान कश्मीर सिंह राजला ने कहा कि केंद्र सरकार ने बदले की भावना से यह कार्रवाई की है।
आढ़तियों पर छापे केंद्र की बौखलाहट का नतीजा : चंदूमाजरा
केंद्र सरकार किसानों के मुद्दे को जानबूझ कर लटका रही है। केंद्र सरकार अब कांग्रेस पार्टी वाले हथकंडे अपना रही है। यह बातें पूर्व सांसद व शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता प्रो प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने मंगलवार को अनाज मंडी के प्रधान हरदीप सिंह लाडा के दफ्तर में पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
नवांशहर में प्रधानमंत्री का पुतला फूंका
नवांशहर आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान के यहां आयकर छापे के विरोध में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। आयकर विभाग के दफ्तर के आगे प्रदर्शन के दौरान किसानों व आढ़तियों ने चेतावनी दी कि विभाग ने किसी आढ़ती के घर व व्यापारिक संस्थान पर छापा मारा तो टीम का घेराव किया जाएगा। आढ़तियों ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंडी बंद रखकर प्रदर्शन किया। इस दौरान किसान नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से सभी एजेंसियों को अपनी कठपुतली बना कर आंदोलन को खत्म करने की कोशिशें शुरू कर दी गई हैं।
बठिंडा : आढ़तियों की हड़ताल से अनाज मंडी में सन्नाटा
मंगलवार को बठिंडा के आढ़तियों ने हड़ताल रखी। हड़ताल के चलते अनाज मंडी में दिन भर सन्नाटा पसरा रहा और कपास की फसल की बोली भी नहीं लगाई गई। आढ़ती एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष सतीश कुमार बब्बू ने कहा कि केंद्र सरकार आढ़तियों को दबाने के लिए आयकर विभाग का सहारा ले रही। आढ़ती आयकर छापों से डरने वाले नहीं है।
जलालाबाद : आयकर छापों के विरोध में आढ़तियों ने बंद रखी दुकानें
आयकर विभाग के छापों के खिलाफ आढ़तियों ने फेडरेशन ऑफ आढ़तिया यूनियन पंजाब के आह्वान पर मंगलवार को दुकानें बंद रखी। दुकानें 22 दिसंबर से लेकर 25 दिसंबर तक बंद रहेंगी। यूनियन के प्रधान चंद्र प्रकाश खैरेके और चेयरमैन जरनैल सिंह मुखीजा ने आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार दबाव बना कर किसानों के आंदोलन को कमजोर करना चाहती है।
अबोहर : आढ़त की दुकानें पूरी तरह बंद
किसानों का समर्थन करने वाले पंजाब के आढ़तियों पर आयकर विभाग के छापे के विरोध में अबोहर में मंगलवार को पहले दिन आढ़त की दुकानें पूरी तरह बंद रहीं। आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान अनिल नागौरी ने बताया कि वह केवल किसानों को समर्थन ही नहीं दे रहे हैं बल्कि नए कृषि कानूनों से अपने व्यापार और हितों को बचाने के लिए ही इसका विरोध कर रहे हैं।