सिरसा व पंचकूला हिंसा के मुख्य साजिशकर्ता वांटेड आदित्य इंसां सहित 5 को कोर्ट ने किया भगौड़ा घोषित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
साध्वी यौन शोषण मामले में पंचकूला सीबीआई कोर्ट की ओर से गुरमीत राम रहीम को दोषी करार दिए जाने के उपरांत सिरसा व पंचकूला में हुई हिंसा के मुख्य साजिशकर्ता रहे वांटेड आदित्य इंसां सहित पांच लोगों को सिरसा अदालत ने भगौड़ा घोषित कर दिया है। उक्त सभी पर हरियाणा पुलिस ने ईनाम घोषित किया हुआ है। वांटेड आदित्य इंसा पर पांच लाख रुपये व बेअंत कौर, फूल कुमार, बलजिंद्र सिंह, अभिजीत भगत पर एक-एक लाख रुपये का ईनाम है। अदालत के निर्देश पर सदर थाना पुलिस ने पांचों वांटेड अपराधियों के खिलाफ न्यायालय के आदेश की अवहेलना करने का केस दर्ज किया है। पुलिस ने उक्त कार्रवाई सदर थाने में दर्ज एफआईआर नंबर 147 में की है। अदालत ने पुलिस को पांचों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर अदालत समक्ष पेश करने का निर्देश दिया है।
सिरसा पुलिस उक्त पांचों के पोस्टर सिरसा के बाजारों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डा व डेरा सच्चा सौदा मुख्यालय में चस्पा कर चुकी है। पांचों वांटेड आरोपी डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के बेहद करीबी हैं। इनके हाथों में ही डेरा सच्चा सौदा सारा संचालन था। ये लोग डेरे की तमाम गतिविधियों की रिपोर्ट सीधा डेरा प्रमुख को देते थे। आरोपी बेअंत कौर के हाथों में अकाउंट की जिम्मेदारी थी। डेरा सच्चा सौदा का सालाना अरबों रुपये का हिसाब किताब बेअंत कौर करती थी। आदित्य इंसां , फूल कुमार, बलविंद्र डेरा सच्चा सौदा निवासी हैं जबकि अभिजीत महाराष्ट्र के जिला सतारा का रहने वाला है। आरोपी बेअंत कौर राजस्थान के गुरुसर मोडिया शहर में रहती है। ये दोनों पिछले एक दशक से डेरा सच्चा सौदा मुख्यालय में रह रहे थे।
भड़काऊ भाषण देने के आरोपी रमेश से पूछताछ
गोलो मौसी से कड़ी पूछताछ के बाद अनुयायियों को भड़काऊ भाषण देने वालों में कैथल के हरिपुरा निवासी आरोपी रमेश कुमार का नाम सामने आया था। सदर पुलिस ने शुक्रवार दोपहर रमेश को जांच में शामिल कर पूछताछ की। आरोपी रमेश कुमार को हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत मिली हुई है।
हिंसा की साजिश रचने में थी अहम भूमिका
साध्वी यौन शोषण मामले में पंचकूला सीबीआई कोर्ट ने 25 अगस्त 2017 को फैसला सुनाना था। डेरा सच्चा सौदा प्रबंधन ने अदालत के संभावित फैसले को भांपते हुए डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम का 15 अगस्त को जन्मदिन सप्ताह मनाने का फैसला किया। जन्मदिन सप्ताह मनाने के लिए देशभर से लाखों अनुयायी डेरा सच्चा सौदा पहुंचे। डेरा प्रबंधन समिति व तमाम कमेटियों के पदाधिकारियों की डेरा में बैठक कर संभावित फैसले के बाद की योजना तैयार की। 17 अगस्त 2017 को डेरा मुखी की अगुवाई में डेरा प्रबंधन समिति की अहम पदाधिकारियों व करीबियों की बैठक हुई।
इस बैठक में हनीप्रीत इंसां, आदित्य इंसां, पवन इंसां, डॉ. पीआर नैन, गोलो मौसी, नवीन कुमार उर्फ गोभी, अभिजीत व बेयंत कौर, फूल कुमार व बलविंद्र सिंह भी शामिल था। साजिश रचे जाने के बाद 17 अगस्त से 23 अगस्त 2017 तक डेरा में आए अनुयायियों से कहा गया कि अगर गुरू जी के खिलाफ कोर्ट का फैसला आता है तो चुपचाप नहीं बैठना है, चाहे अपनी जान तक क्यों न देनी पड़े। 23 अगस्त को लाखों अनुयायी पंचकूला में जमा हो गए। 25 अगस्त को सीबीआई कोर्ट ने जैसे ही गुरमीत राम रहीम को साध्वी रेप केस में दोषी करार दिया, पंचकूला व सिरसा में हिंसा भड़क उठी।