पंजाब में कोरोना गाइडलाइंस का लोगों ने जारी रखा उल्लंघन तो और बढ़ सकता है जुर्माना: कैप्टन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने हालांकि डीजीपी दिनकर गुप्ता को धार्मिक स्थानों पर मास्क पहनने और सामाजिक दूरी आदि नियमों की पालना यकीनी बनाने के लिए निर्देश दिए हुए हैं लेकिन इसके साथ ही साप्ताहिक लाइव प्रोग्राम ‘कैप्टन से सवाल’ के दौरान फिर से धार्मिक संस्थाओं के प्रबंधकों को अपील की कि वह कोरोना संबंधी सभी एहतियातों की पालना करने के साथ-साथ फालतू भीड़ जुटाने से परहेज करें।
मुख्यमंत्री ने यह बात गुरदासपुर के एक निवासी द्वारा धार्मिक स्थानों पर मास्क पहनने और सामाजिक दूरी की पालना संबंधी किए सवाल के जवाब में कही। उन्होंने कहा कि अगर कोई नियमों का उल्लंघन करता है तो लोग खुद दूसरों को इसका पालन करने के लिए कहें। मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार हिदायतों का उल्लंघन करने के कारण उनकी सरकार द्वारा और अतिरिक्त जुर्माने लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो नियमों का सख्ती से पालन करने, मास्क न पहनने और थूकने आदि पर लगाए जुर्मानों में और विस्तार किया जाएगा।
कोविड संबंधी आंकड़े साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि देश में कोविड के मामलों की संख्या के लिहाज से पंजाब इस समय 18वें नंबर पर है लेकिन पिछले दिनों से रोजमर्रा के अलग-अलग स्थानों से 400 के करीब मामलों के आने के कारण स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि जितना संभव हो, इस महामारी का फैलाव कम से कम हो।
उन्होंने कहा कि 9000 से अधिक लोगों का ठीक होना उत्साह और राहत वाली बात है परन्तु कोविड के खिलाफ जंग में फतह पाने के लिए और बहुत कुछ करने की जरूरत है। कैप्टन ने ठीक होने वाले मरीजों को प्लाज्मा दान करने के लिए आगे आने के लिए कहा, जिसके लिए जल्द ही अमृतसर और फरीदकोट में दो बैंक और खोले जा रहे हैं। राज्य में पहला प्लाज्मा बैंक पटियाला में शुरू हो गया है, जहां अब तक आए 17 दानी सज्जनों में से सिर्फ 7 ही प्लाज्मा दान करने के लिए योग्य पाए गए हैं, जोकि 40 प्रतिशत दर बनती है।
250 पुलिसकर्मी कोविड से प्रभावित
फ्रंटलाइन वर्करों में कोविड मामलों की बढ़ती संख्या पर चिंता जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक 250 के करीब पुलिसकर्मी प्रभावित हुए हैं। सबसे आगे होकर काम करने वाले कर्मियों के टेस्ट करने सबसे जरूरी हैं, जिस पर राज्य सरकार काम कर रही है। एक सवाल कि पंजाब में किसी भी छोटे से ऑपरेशन के लिए डॉक्टर हर एक का टैस्ट क्यों करवाते हैं, के जवाब में उन्होंने कहा कि डॉक्टरों, नर्सों और अन्य मरीजों की सुरक्षा के लिए यह जरूरी है।
माइक्रो कंटेनमेंट जोन को सही ठहराया कैप्टन ने
कंटेनमेंट और बफर जोनों की धारणा पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार द्वारा माइक्रो स्तर पर कंटेनमेंट जोन बनाने की रणनीति का मकसद है कि आर्थिक गतिविधियों में रुकावट न आए। प्रधानमंत्री ने भी माइक्रो कंटेनमेंट रणनीति की प्रशंसा की है और बाकी राज्यों को भी इसे अपनाने को कहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस रणनीति के अनुसार सिर्फ छोटे क्षेत्र को यह जोन बनाने से स्थानीय स्तर पर बीमारी को आगे फैलने से रोकने में में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि बड़े स्तर पर अंतर-राज्यीय आने-जाने के कारण महामारी के अधिक फैलने का खतरा रहता है।