फिरोजपुर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अश्वनी शर्मा की गाड़ी पर हमला, अबोहर और बठिंडा में भी विरोध
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा मंगलवार को नगर परिषद चुनाव के प्रत्याशियों का हौसला बढ़ाने फिरोजपुर के कृष्णा पैलेस में सुबह करीब साढ़े आठ बजे पहुंचे। इस दौरान किसान संयुक्त मोर्चा के नेताओं ने पैलेस के बाहर रोष प्रदर्शन किया। जब शर्मा कार्यक्रम में जाने के लिए पुलिस सुरक्षा के बीच अपनी गाड़ी में बैठने लगे तभी किसी शरारती तत्व ने किसान यूनियन का झंडा लगे लोहे की रॉड से उनकी गाड़ी पर हमला कर दिया।
यही नहीं पूर्व भाजपा विधायक सुखपाल सिंह नन्नु के सिर पर हाथ मारकर उनकी पगड़ी उतारने का प्रयास किया। भीड़ में से भाजपा कार्यकर्ताओं पर पथराव भी किया गया। पुलिस को भीड़ खदेड़ने के लिए हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। किसी तरह शर्मा को पैलेस से बाहर निकाल कर उन्हें कार में बैठाकर अबोहर रवाना किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेता दविंदर बजाज की अध्यक्षता में डीसी दफ्तर के समक्ष धरना दिया।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि वह काउंसिल चुनाव में खड़े भाजपा प्रत्याशियों से मिलने पहुंचे हैं। प्रत्याशियों से बैठक कर उनका हौसला बढ़ाया और उन्हें कहा कि ऐसी मुसीबत में चुनाव में खड़े हैं, उनके साथ पार्टी भी खड़ी है। किसानों को रोष प्रदर्शन करने का हक है। शर्मा ने कहा कि किसानों की आड़ में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पंजाब का माहौल खराब कर रहे हैं।
उधर, भाजपा के पूर्व विधायक सुखपाल सिंह नन्नु ने कहा कि किसानों की आड़ में कांग्रेसियों ने पंजाब भाजपा अध्यक्ष की कार पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि कई कांग्रेसियों को वह जानते हैं, जो किसानों के बीच में थे, जिन्होंने लोहे के रॉड पर किसानों का झंडा बांधा था। उनके सिर पर हाथ मारकर उनकी पगड़ी गिराने का प्रयास किया है।
नन्नु ने कहा कि किसान शांतिपूर्ण ढंग से रोष प्रदर्शन कर रहे थे, ये उनका हक भी है। नन्नु ने कहा कि किसान नेताओें ने ही उन्हें भीड़ से निकाल कर उनकी कार तक पहुंचाया है। कांग्रेस किसानों और भाजपा कार्यकर्ता को आपस में लड़ाने में लगी है। हम कामयाब नहीं होने देंगे।
शरारती तत्वों ने माहौल बिगाड़ा : हरनेक सिंह
भारतीय किसान यूनियन डकौंदा के नेता हरनेक सिंह ने कहा कि किसानों ने शांतिपूर्वक रोष प्रदर्शन किया है। किसानों ने किसी भी भाजपा नेता पर हमला नहीं किया। आज भी उनके रोष प्रदर्शन में घुसकर शरारती तत्वों ने माहौल बिगाड़ा है। हमारी जंग विचारों की जंग है, जो कृषि कानून रद्द होने तक जारी रखेंगे। उनका मकसद किसी एक व्यक्ति को निशाना बनाना नहीं है। वहीं थाना सिटी के प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार का कहना है कि किसी ने भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की कार पर हमला नहीं किया है। उन्हें सुरक्षित पैलेस से निकाला गया।
भाजपा को रात बारह बजे के बाद बदलना पड़ा स्थान
भाजपा के एक नेता ने बताया कि पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की बैठक के लिए क्षेत्र का एक पैलेस बुक करवाया गया था। उस पैलेस के संचालक को किसी कांग्रेसी नेता ने धमकी दी। उसने भाजपा का कार्यक्रम रात को ही रद्द कर दिया। भाजपा नेताओं ने रात बारह बजे के करीब मलवाल रोड स्थित कृष्णा पैलेस बुक किया।
अबोहर में भी अश्वनी शर्मा का भारी विरोध
मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के अबोहर पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में किसान अरोड़वंश धर्मशाला के बाहर पहुंच गए। किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अश्वनी शर्मा वापस जाओ के नारे लगाए। किसान नेताओं ने धर्मशाला में घुसने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने नाकाम कर दिया।
नगर निगम चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करने प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा मंगलवार दोपहर करीब दो बजे श्री अरोड़वंश धर्मशाला में अबोहर पहुंचे। इसका पता चलते ही सैकड़ों की संख्या में किसान सुबह से ही धर्मशाला के बाहर एकत्रित हो गए। हालांकि पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध कर रखे थे।
एसएसपी हरजिंद्र सिंह खुद मौके पर मौजूद थे। अश्वनी शर्मा के अबोहर पहुंचने से पहले ही किसान नेताओं ने पुलिस के बैरिकेड तोड़कर धर्मशाला में घुसने का प्रयास किया। पुलिस के रोकने पर किसान सड़क पर लेट गए और कुछ किसानों ने अर्द्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने उन्हें अंदर नहीं जाने दिया।
दोपहर करीब दो बजे अश्वनी शर्मा को धर्मशाला के दूसरे गेट से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इधर, किसान नेता धर्मशाला के मुख्य गेट के बाहर लगातार नारेबाजी करते रहे। किसान नेता सुभाष भागसर ने कहा कि जब तक केंद्र सरकार तीनों कृषि कानून वापस नहीं लेती तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
बठिंडा में किसानों को चकमा देकर की बैठक
बठिंडा में किसानों को चकमा देकर भाजपा प्रदेश प्रधान अश्वनी शर्मा मंगलवार को पार्टी प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। निकाय चुनाव पर चर्चा करने के बाद शर्मा यहां से चंडीगढ़ रवाना हो गए। दरअसल, निगम चुनाव को लेकर भाजपा प्रत्याशियों के साथ मंगलवार को अश्वनी शर्मा को छाबड़ा पैलेस में बैठक करनी थी। जैसे ही किसानों को यह सूचना मिली तो उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष के पहुंचने से पहले ही पैलेस के दोनों तरफ धरना लगाकर नारेबाजी शुरू कर दी।
मौके पर भारी पुलिस फोर्स भी तैनात थी। अश्वनी शर्मा ने पुलिस प्रशासन एवं किसानों को चकमा देते हुए कार्यकर्ताओं एवं प्रत्याशियों के साथ डबवाली नेशनल हाईवे पर एक प्लॉट में बैठक कर अगली रणनीति तय की। अश्वनी शर्मा ने फोन पर बातचीत के दौरान आरोप लगाया कि कैप्टन अमरिंदर सिंह निगम चुनाव दौरान लोकतंत्र की हत्या कर रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गुंडागर्दी पर उतर चुकी है और भाजपा प्रत्याशियों को डराना चाहती है। बुधवार को राज्यपाल और डीजीपी से मिलकर पुलिस एवं जिला प्रशासन के खिलाफ शिकायत देंगे।