हरियाणा में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के कार्यक्रम का विरोध, किसानों ने खोद डाला हेलीपैड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अंबाला में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के विरोध के बाद अब उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का अपने ही विधानसभा क्षेत्र में विरोध शुरू हो गया है। दुष्यंत चौटाला उचाना कलां विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। गुरुवार को उपमुख्यमंत्री को शादी समारोह में करसिंधु गांव आना था। इससे पहले ही कुछ लोगों ने विरोध में वहां बनाए गए हेलीपैड को खोद डाला और सरकार के खिलाफ काले झंडे लेकर नारेबाजी की। हालांकि बताया जा रहा है कि उपमुख्यमंत्री का कार्यक्रम सुबह ही रद्द हो चुका था। इसका कारण घनी धुंध में हेलीकॉप्टर को उड़ान भरने की अनुमति नहीं मिलना बताया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री के दौरे के चलते प्रशासन की ओर से उचाना के शिवानिया पब्लिक स्कूल में हेलीपैड बनाया गया था। रात को यहां पुलिस तैनात रही, लेकिन सुबह कार्यक्रम रद्द होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस को हटा दिया गया। इसके बाद कुछ लोग मौके पर पहुंचे और हेलीपैड को कस्सी से खोद डाला।
किसान नेता आजाद पालवां, सुरेंद्र उचाना खुर्द, कृष्ण सफा खेड़ी, अनिल, चरणा ने कहा कि उपमुख्यमंत्री जब भी उचाना आएंगे उनका विरोध किया जाएगा। चुनाव के समय भाजपा को यमुना पार कराने के नाम पर वोट लेकर भाजपा की गोद में बैठ गए। जब तक कृषि कानून रद्द नहीं होते गठबंधन सरकार के नेताओं का विरोध जारी रहेगा। इस संबंध में उचाना के थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि उपमुख्यमंत्री का कार्यक्रम सुबह ही रद्द हो गया था। इसके बाद हेलीपैड से सुरक्षा भी हटा ली गई थी। ऐसे में यहां खुदाई करना का कोई मामला नहीं है। इस बारे में न तो कोई शिकायत है और न ही कार्रवाई है।