Punjab: पूर्व CM बेअंत सिंह हत्याकांड के गवाह के घर से मिला नशीली गोलियों का जखीरा, तीसरी पत्नी गिरफ्तार
गगनप्रीत सिद्धू हवलदार बलविंदर सिंह की तीसरी पत्नी है। उसकी पहली पत्नी से एक बेटा दीपक है, जबकि दूसरी पत्नी अलग रहती है। उससे उन्हें बेटियां प्राप्त हुई हैं। वहीं तीसरी पत्नी से भी एक लड़की है। दीपक और गगनप्रीत के बीच में आपसी झगड़ा रहता था। पुलिस के मुताबिक गगनप्रीत कौर ने दीपक को फंसाने के लिए यह पूरी साजिश रची थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह हत्याकांड के गवाह एवं पंजाब पुलिस में हवलदार बलविंदर सिंह उर्फ बिट्टू के नयागांव स्थित मकान से पुलिस ने नशे की गोलियों का जखीरा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने पहले अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था लेकिन इस मामले की जांच करने के बाद बलविंदर सिंह की तीसरी पत्नी गगनप्रीत सिद्धू के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ के बाद आरोपी गगनप्रीत कौर को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह मामला पारिवारिक सदस्यों के आपसी झगड़े का बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार को नयागांव थाने में कार्यरत एक एएसआई को उसके किसी मुखबिर ने सूचना दी थी कि बलविंदर सिंह का बेटा दीपक नशे की गोलियों का कारोबार करता है। अगर अभी उसके घर पर छापेमारी की जाए तो उसके घर से नशे की गोलियां बरामद हो सकती हैं। सूचना मिलने पर एसआई ने पुलिस टीम के साथ छापेमारी कर घर के एक कमरे से नशे की 960 ट्रॉमाडोल नामक गोलियां बरामद कर ली थीं। इस मामले की पड़ताल के दौरान पुलिस को शक हुआ तो पुलिस ने मुखबिर से सख्ती से पूछताछ की। इसके बाद मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए।
यह था असली मामला
दरअसल, गगनप्रीत सिद्धू हवलदार बलविंदर सिंह की तीसरी पत्नी है। उसकी पहली पत्नी से एक बेटा दीपक है, जबकि दूसरी पत्नी अलग रहती है। उससे उन्हें बेटियां प्राप्त हुई हैं। वहीं तीसरी पत्नी से भी एक लड़की है। दीपक और गगनप्रीत के बीच में आपसी झगड़ा रहता था। पुलिस के मुताबिक गगनप्रीत कौर ने दीपक को फंसाने के लिए यह पूरी साजिश रची थी।
20 हजार रुपये देकर बनाया पुलिस का मुखबिर
पुलिस के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि इस मामले में गगनप्रीत कौर ने घर की नौकरानी के भाई को 20 हजार रुपये देकर पुलिस का मुखबिर बनाया था। उसकी ओर से ही पुलिस को दीपक के कमरे में नशे की गोलियां होने की गुप्त सूचना दिलवाई गई थी।
कई दिन से बंद हैं सीसीटीवी कैमरे
बलविंदर के घर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की तो पता चला कि पिछले कई दिनों से उसके घर के सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े हैं। पुलिस को शक है कि यह कैमरे गगनदीप ने ही बंद किए हैं, ताकि उसकी साजिश का खुलासा न हो पाए।
कौन है बलविंदर सिंह उर्फ बिट्टू
बलविंदर सिंह उर्फ बिट्टू पहले कभी चंडीगढ़ में गाड़ियों के रंग-रोगन का काम करते थे। पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या में इस्तेमाल की गई एंबेसडर कार उनकी दुकान पर ही तैयार होकर गई थी। उनकी हत्या के बाद सबसे पहले उन्होंने ही पुलिस को कार के बारे में जानकारी दी थी। इनसे मिली जानकारी के मुताबिक ही पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उन्हें पुलिस सुरक्षा मिली है। इसके बाद उन्हें पहले चंडीगढ़ में होमगार्ड और बाद में पंजाब में बतौर हवलदार नौकरी मिली थी।