पंजाब के तरनतारन और फिरोजपुर में घुसे पाक ड्रोन, बीएसएफ ने की फायरिंग, सर्च अभियान भी शुरू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय हुसैनीवाला बॉर्डर से सटे सीमांत गांव टिंडी वाला के ऊपर सोमवार रात पाक ड्रोन मंडराते देखा गया। बीएसएफ की 136 बटालियन ने ड्रोन को गिराने के लिए फायरिंग भी की लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। ड्रोन देखने के बाद बीएसएफ ने पंजाब पुलिस के अधिकारियों को सूचित किया। पुलिस ने रात घटनास्थल पर पहुंच कार्रवाई शुरू की। मंगलवार दोपहर दो बजे पंजाब पुलिस की 10 गाड़ियों में आए मुलाजिमों ने खेतों और घरों में तलाशी अभियान शुरू किया।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात को ही तरनतारन की तरफ बीएसएफ की बीओपी गजल के पास भी पाकिस्तानी ड्रोन देखा गया है। यहां भी ड्रोन को गिराने के लिए बीएसएफ की बटालियन 116 के जवानों ने कई राउंड फायर किए लेकिन ड्रोन की ऊंचाई ज्यादा होने के कारण सफलता नहीं मिली। उल्लेखनीय है कि अगस्त और सितंबर माह में भी टिंडी वाला के ऊपर मंडराते पाक ड्रोन देख गए थे।
खुफिया सूत्रों के मुताबिक सोमवार रात पौने नौ बजे के करीब पाकिस्तानी गांव भिखी विंड और हाकू वाड़ा की तरफ से ड्रोन ने उड़ान भरी जो बीएसएफ की बीओपी साम्मेके के ऊपर से गुजर कर सीमांत गांव टिंडी वाला की तरफ पहुंचे। भारतीय क्षेत्र में एक बार घुसने के बाद फिर से पाक वापस लौट गया। उसके बाद फिर से पाक की तरफ से ड्रोन ने उड़ान भरी और गांव टिंडी वाला के ऊपर मंडराता दिखा।
बीएसएफ ने ड्रोन को देख उसे गिराने के लिए फायरिंग भी की लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। बता दें कि गांव टिंडी वाला के पास पाकिस्तान की तरफ से सतलुज नदी भारत में प्रवेश करती है। ड्रोन भी उसी दिशा में आया था। आशंका जाहिर की जा रही है कि ड्रोन कोई चीज फेंक गया है। इसके बाद बीएसएफ ने पंजाब पुलिस के अधिकारियों को पाक ड्रोन की सूचना दी। पुलिस ने गांव टिंडी वाला पहुंच खेतों में तलाशी अभियान शुरू किया।
उधर, गांव टिंडी वाला के सरपंच जागीर सिंह का कहना है कि सोमवार रात को भी पुलिस गांव आई थी। इसके बाद मंगलवार दोपहर दो बजे पुलिस की दस गाड़ियों में पहुंची। उन्होंने खेतों में सर्च अभियान चलाया, कहीं ड्रोन खेतों में कोई चीज तो नहीं फेंक गया है लेकिन पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा है। सरपंच ने बताया कि ड्रोन पाकिस्तानी गांव भिंखी विंड और हाकू वाड़ा की तरफ से कई बार आते देखे गए हैं। एक बार तो उनके बेटे ने पाक ड्रोन का वीडियो भी बनाया था।