'सफाई अभियान का आइडिया, मोदी नहीं डेरे का'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डेरा सच्चा सौदा के संत गुरमीत राम रहीम सिंह इंसां ने कहा कि स्वच्छता अभियान की शुरुआत कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाकई कमाल कर दिया है। इसके लिए वे मोदी का धन्यवाद करते हैं। वे रविवार को डेरा सच्चा सौदा परिसर स्थित शाह सतनाम धाम में बापू मग्घर सिंह (डेरा प्रमुख के पिता) की पुण्यतिथि पर आयोजित रक्तदान शिविर के उद्घाटन अवसर पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कई बार नेताओं से कहा गया कि वे अपने-अपने राज्य में सफाई अभियान चलवाएं ताकि गंदगी मिटाई जा सके, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। अब प्रधानमंत्री ने इस अभियान की शुरुआत कर कमाल कर दिया। उन्होंने कहा कि इस अभियान की शुरुआत डेरा ने की और अब तक 27 महानगरों में यह अभियान चलाया गया।
गौरतलब है कि इनेलो नेता रामपाल माजरा और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सफाई का आइडिया डेरा प्रमुख से चुराया है। डेरा सच्चा सौदा ने ही सफाई अभियान की शुरुआत की थी।
राजनीतिक विंग कर रही सर्वे
जब उनसे पूछा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा में कौन ज्यादा लोकप्रिय है तो उन्होंने कहा कि वे राजनीति नहीं करते और न राजनीति जानते हैं। जो अच्छे काम करते हैं लोग उन्हें जरूर जानते हैं। डेरा किस राजनीतिक दल का समर्थन करने जा रहा है के सवाल पर उन्होंने कहा कि डेरा किसी भी दल का समर्थन नहीं करता।
डेरा की साध संगत ने मिलकर राजनीतिक विंग बनाई है। विंग के सदस्य हर ब्लाक में जाकर सर्वे करते हैं कि किस सीट पर कौन सा उम्मीदवार मानवता भलाई कार्य में लगा हुआ है और किसे संगत चाहती है। उन्होंने बताया कि डेरे में अनेक राजनीतिक दल के उम्मीदवार आते हैं जो मानवता भलाई का कार्य करने के शपथ पत्र भी देकर जाते हैं।
उन्होंने कहा कि डेरे के सेवादारों ने जम्मू कश्मीर के 32 बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर 7123 परिवारों की मदद की। डेरा अस्पताल के डॉ. आदित्य इंसां ने जम्मू में पुतली बदलने का पहला आपरेशन किया और वहां के डॉक्टरों को इसका प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि डेरे की ओर से आठ जोड़ी पुतलियां और भेजी गई हैं। वहां के डॉक्टरों ने तीन का सफल आपरेशन भी किया है।