प्यार हो तो ऐसा, किया और निभाकर दिखा दिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्यार हो तो ऐसा, किया और निभाकर दिखा दिया। लड़की अपने धर्म की नहीं थी, फिर भी युवक ने हिम्मत दिखाई और शादी रचा ली। मामला, रोहतक जिले का है।
राजस्थान के सवाई माधोपुर की रहने वाली एक धर्म विशेष की युवती से रोहतक खटीक मोहल्ले के युवक ने शादी कर ली और अपने साथ रोहतक ले आया।
लड़की के परिजनों के बयान पर अपहरण का केस दर्ज करने वाली राजस्थान पुलिस सोमवार को रोहतक पहुंची, लेकिन सेशन कोर्ट ने युगल को सौंपने से इंकार कर दिया। साथ में मर्जी से शादी करने वाली लड़की के माता-पिता को 24 अप्रैल को कोर्ट में बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है।
सिटी एसएचओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि खटीक मोहल्ले का युवक लंबे समय से सवाई माधोपुर में नौकरी करता था, जहां उसे पड़ोसी की लड़की से प्रेम हो गया। दोनों ने शादी करने का फैसला किया, लेकिन लड़की के घर वालों ने दूसरी जगह शादी करने का प्रयास किया और युवक से मिलने पर सख्ती से रोक लगा दी।
कोर्ट का लड़की को राजस्थान भेजने से इंकार
सख्ती के बावजूद एक सप्ताह पहले युगल रोहतक आ गया और शादी कर ली। जब लड़की के परिजनों को इसका पता लगा तो उन्होंने राजस्थान में युवक के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज करवा दिया। इसकी भनक लगते ही युगल ने सेशन जज सुशील कुमार गुप्ता की अदालत में सुरक्षा के लिए याचिका दायर की।
अर्जी पर अदालत ने लड़की के माता-पिता को सोमवार को कोर्ट में हाजिर होने की हिदायत दी, लेकिन वे नहीं आए। राजस्थान पुलिस जरूर रोहतक पहुंची और अदालत से मांग की कि लड़की को उनके हवाले किया जाए, ताकि वहां पर लड़की के अदालत में मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज करवाए जा सकें।
कोर्ट में रोहतक पुलिस ने तर्क दिया कि अदालत के आदेश पर युगल की सुरक्षा की जिम्मेदारी उनकी है। परिजनों के आए बगैर लड़की को वहां भेजना उचित नहीं होगा।
दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद सेशन कोर्ट ने लड़की को राजस्थान भेजने से इंकार कर दिया। फिलहाल युगल को पुलिस सुरक्षा में सेफ हाउस में रखा गया है।