संदिग्ध हालातों में युवक ने की खुदकुशी, 12 पन्नों के सुसाइड नोट में मौत का राज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पैसों के लेनदेन में उपजे विवाद में शहर के 35 वर्षीय विशाल ने तहसील कॉम्प्लेक्स में खुदकुशी कर ली। उसका शव मंगलवार सुबह उसकी दुकान के आगे पेड़ पर लगे फंदे में झूलता मिला। मृतक की जेब से पुलिस को 12 पेज का सुसाइड नोट मिला है।
पुलिस ने विशाल की पत्नी रीतू के बयान पर रोपड़ के एक प्रॉपर्टी कारोबारी आरसी आहूजा के खिलाफ खुदकशी के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक, विशाल कुमार शर्मा पुत्र हरबंस लाल, निवासी मकान नंबर 59, गली नंबर 4, साधु नगर, तहसील कॉम्प्लेक्स में फोटो स्टेट की दुकान करता था।
इसके बाद उसने अपने एक दोस्त के साथ अपनी जायदाद बेच कर प्रॉपर्टी का कारोबार शुरू किया। उनकी मुलाकात रोपड़ के प्रॉपर्टी डीलर आरसी आहूजा से हुई। सुसाइड नोट के मुताबिक, विशाल ने आरसी आहूजा के साथ विश्वास में करोड़ों रुपये कारोबार में लगा दिया।
उसने आरोप लगाया कि आहूजा ने धोखाधड़ी कर उसके पैसे देने से मुकर गया। उसने लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके विपरीत आरसी आहूजा ने उसके खिलाफ ही झूठे केस दर्ज करवा दिए, इस कारण उसे जेल भी जाना पड़ा।
साथ में शुरू किया कारोबार, बाद में पैसे हड़प लिए
विशाल ने लिखा है कि गरीबों को कहीं इंसाफ नहीं मिलता। उसने इंसाफ के लिए हर दरवाजा खटखटाया, लेकिन उसकी कहीं भी सुनवाई नहीं हुई। विशाल ने कुछ दिन पहले बद्दी में एक प्राइवेट फैक्टरी में नौकरी करने लगा था। रोजाना की तरह सोमवार सुबह वह ड्यूटी पर गया, लेकिन घर नहीं लौटा।
इस दौरान उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ था। मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे तहसील में साफ सफाई करने पहुंचे मंगू ने उसका शव पेड़ से बंधी रस्सी के फंदे में लटकता पाया। पास ही उसकी बाइक व एक स्टूल पड़ा था, जिस पर चढ़कर उसने खुदकशी की।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा और तलाशी लेने पर उसकी जेब से 12 पन्नों का सुसाइड नोट मिला। इसमें उसने विस्तार से प्रॉपर्टी कारोबार में बर्बाद होने के पीछे आरसी आहूजा को जिम्मेदार ठहराया है। अपने दोस्त गौतम के साथ उन्होंने करोड़ों रुपये की पूंजी आहूजा के साथ मिलकर प्रॉपर्टी कारोबार में लगाई थी।
बाद में विवाद इतना बढ़ा कि कोर्ट कचहरी तक मामला पहुंच गया। पुलिस को दिए बयान में रितु ने बताया कि उसका विवाह छह साल पहले विशाल के साथ हुआ था। उसने आरोप लगाया कि आरसी आहूजा के साथ पैसों के लेनदेन के विवाद के बाद उसके पति के खिलाफ आहूजा ने झूठे केस भी दर्ज करवा दिए।
कारोबार में पैसे डूब गए, इसके अलावा कोर्ट कचहरियों में रही सही कमाई भी बर्बाद हो गई। इससे तंग आकर विशाल ने मौत को गले लगा लिया। रितु के बयान पर पुलिस ने आरसी आहूजा के खिलाफ आईपीसी 306 के तहत केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के बाद वारिसों के हवाले कर दिया।