प्रेमी के साथ थी पत्नी, खून से लथपथ मिला पति का शव
रामगढ़ के पास खेतों में मिले जुगल दूबे के शव के मामले में साहनेवाल के इलाके गांव छोटी मुंडिया में रहने वाली मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी समेत उसके दो दोस्तों को काबू किया है।
डीसीपी क्राइम भूपिंदर सिंह सिद्धू ने कहा कि रामगढ़ के पास पवन कुमार मल्होत्रा के खेत है। वहां पर उनके मजदूर काम करने के लिए गए तो खून से लथपथ युवक का शव देख उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पवन को दी।
पवन ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने जांच के बाद जब उसकी पहचान की कोशिश की तो किसी को मृतक के बारे में कुछ पता नहीं था।
पति की हत्या के आरोप में पत्नी समेत चार काबू
चौकी रामगढ़ के इंचार्ज एएसआई गुरबख्शीश सिंह की अगवाई में पुलिस टीम जांच में जुटी तो मृतक की पहचान बिहार के जिला सिवान के गांव सठी निवासी जुगल दूबे के रुप में हुई।
पुलिस ने जब जांच की तो पता चला कि जुगल की पत्नी रुपा के जीवक लाल के साथ संबंध थे। इस बारे में जुगल को पता चल गया था। इस पर रुपा ने जुगल को ही रास्ते से हटाने की ठान ली।
इसके लिए उसने जीवक लाल के साथ मिलकर उसकी हत्या की प्लानिंग बनाई। इसमें जीवक ने अपने दो दोस्तों आशु और सनोज कुमार को भी शामिल कर लिया।
प्लानिंग के मुताबिक आरोपियों ने उसकी गला रेत कर हत्या करने के बाद उसका शव खुर्द बुर्द करने के लिए खेतों में फेंक दिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।