हरियाणाः चरखी दादरी के क्रशर जोन में दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत, एक पीजीआई रेफर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मानकावास क्रेशर जोन में टंकी के पास खेल रहे तीन बच्चों पर गुरुवार सुबह दीवार गिर गई। हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बच्ची को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। हादसे का शिकार बने तीनों बच्चे एक ही परिवार के हैं। सदर थाना पुलिस ने मृतक बच्चों का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में कराया।
पुलिस ने मृतक बच्चों के परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया हादसे की कार्रवाई की है। जांच अधिकारी का कहना है कि बारिश के दौरान दीवार के समीप से मिट्टी का कटाव हो गया था। इसके चलते गुरुवार सुबह दीवार ढह गई और बच्चे इसकी चपेट में आ गए। मृतक दोनों बच्चे मूलरूप से उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के मारकंडी गांव के रहने वाले थे।
पुलिस बयान में मृतक शिवा (2) के पिता सिलोचन व मृतक शोभित के पिता उमेश ने बताया कि वे काम की तलाश में मानकावास क्रेशर जोन पर आए थे। गुरुवार सुबह उन दोनों के साथ तीनों बच्चे शिवा, शोभित व समुंद्री (4) श्री बालाजी क्रेशर पर बनी टंकी पर नहाने के लिए गए थे। वे दोनों नहाकर वापस कमरे पर आ गए, जबकि तीनों बच्चे वहीं खले रहे थे।
कुछ देर बाद ही अचानक दो क्रेशर के बीच की दीवार ढह गई और बच्चे मलबे के नीचे दब गए। वहां मौजूद लोगों और बच्चों के परिजनों ने उन्हें संभाला और उपचार के लिए दादरी सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने शिवा और शोभित को मृत घोषित कर दिया, जबकि समुंद्री को प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद पीजीआई रेफर किया गया।
मामले की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस पहले सिविल अस्पताल और फिर क्रेशर जोन पहुंची। पुलिस ने मृतक शिवा के पिता सिलोचन व शोभित के पिता उमेश के बयान दर्ज किए और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। मृतक शिवा पीजीआई रेफर की गई समुंद्री का सगा भाई था, जबकि शोभित उनकी सगी मौसी का बेटा था।
मृतक बच्चों का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में पुलिस ने करवा दिया है। सिलोचन और उमेश ने पुलिस बयान में बताया कि बारिश के चलते मिट्टी कटाव हो गया था। गुरुवार सुबह अचानक से दीवार ढह गई। पुलिस बयान में दोनों ने किसी को हादसे का जिम्मेदार नहीं ठहराया है। पुलिस ने इस संबंध में इत्तफाकिया हादसे की कार्रवाई की है।