स्कूल जा रही सहेली ने खाया जहर, दूसरी ने मना किया तो कसम दे खिलाया, एक की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दो सहपाठी छात्राओं ने बुधवार सुबह कॉलेज जाते समय रास्ते में जहरीला पदार्थ खा लिया। इसमें एक छात्रा की मौत हो गई जबकि दूसरी अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। उपचाराधीन छात्रा के बयान नहीं हो पाए हैं। मृत छात्रा के शव का गुरुवार को पोस्टमार्टम होगा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अलग- अलग गांवों की दो छात्राएं बीएससी प्रथम वर्ष में पढ़ती थीं। दोनों रोज बस से उतरने के बाद एक जगह मिलती थीं। इसके बाद कच्चे रास्ते से शार्टकट कॉलेज जाती थीं।
जानकारी के अनुसार एक छात्रा पिछले तीन-चार दिन से किसी बात को लेकर परेशान चल रही थी। बुधवार को दोनों सहेलियां कॉलेज जाने के लिए घर से नारनौल पहुंची। रोजाना की तरह दोनों एक स्थान पर मिलीं। इसके बाद कॉलेज की तरफ चल पड़ीं।
थोड़ी दूर चलने के बाद एक छात्रा ने सफेद पाउडर की पुड़िया निकाली और निगल लिया। आधा पाउडर दूसरी छात्रा को देकर निगलने को कहा। दूसरी ने पाउडर निगलने से मना किया तो उसने दोस्ती की कसम दी। इसके बाद दूसरी ने भी थोड़ा सा पाउडर मुंह में डालकर पानी पीने के बहाने बाहर गिरा दिया। कुछ देर बाद पहली वाली छात्रा बेहोश होकर गिर गई जबकि दूसरी को भी चक्कर आने लगे।
पुलिस के अनुसार दूसरी छात्रा ने अपने सहपाठी लड़के को फोन पर मामले की जानकारी दी। सहपाठी लड़का मौके पर पहुंचा और दोनों को बाइक में लादकर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सक ने छात्राओं की गंभीर हालत को देखकर उनके परिजनों को बुलाया। बेहोश छात्रा के परिजन उसे नागरिक अस्पताल ले गए।
जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखकर पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। परिजन उसे जयपुर हार्ट अस्पताल ले गए। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल चौकी प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि अभी छात्रा के मौत के कारणों का पता नही चला है।
परिजनों और दूसरी छात्रा से मामले की जानकारी ली जा रही है। उन्होंने बताया कि हो सकता है कि पेपर खराब होने के कारण पहली वाली छात्रा ने ऐसा कदम उठाया हो। पुलिस अन्य बातों को भी ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। दूसरी छात्रा का उपचार चल रहा है। उससे पूछताछ की जाएगी।