चंडीगढ़ में खंभे से टकराई बाइक, दो भंगड़ा कलाकारों की मौत, तीसरा घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सेक्टर-16/17 डिवाइडिंग रोड के पास दो भंगड़ा आर्टिस्ट चचेरे भाइयों की सड़क हादसे में मौत हो गई। जबकि एक चचेरे भाई की हालत गंभीर है। हादसे के समय तीनों भाई एक ही बाइक पर कलाग्राम में भंगड़ा प्रोग्राम अटेंड कर घर जा रहे थे।
उनकी बाइक स्लिप होकर बिजली पोल से टकरा गई। पुलिस ने उन्हें जीएमएसएच-16 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने खुड्डा अलीशेर निवासी तरनवीर (19) और अमरिंदर सिंह (26) को मृत घोषित कर दिया जबकि मनप्रीत (20) का इलाज चल रहा है। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसा बुधवार देर रात करीब 2.30 बजे का है। दोस्त जगनंदन सिंह और हरजोत सिंह ने बताया कि इंटरनेशनल फॉक कल्चरल क्लब में तरनवीर और मनप्रीत भंगड़े की ट्रेनिंग लेते थे। जबकि अमरिंदर सिंह वहां का कोच था। बुधवार रात कलाग्राम में भंगड़े का फंक्शनल प्रोग्राम था। प्रोग्राम में हिस्सा लेने के बाद तीनों बाइक पर घर लौट रहे थे।
बाइक अमरिंदर चला रहा था, जबकि तरनवीर और मनप्रीत पीछे बैठे थे। रात में सूचना मिली कि इनकी बाइक सेक्टर-16/17 डिवाइडिंग रोड के पास बिजली पोल से टकरा गई है। अस्पताल पहुंचे तो पता लगा कि तरनवीर और अमरिंदर की मौत हो गई है।
दूसरी ओर जीएमएसएच-16 मोर्चरी के बाहर अमरिंदर और तरनवीर के परिवार, रिश्तेदार और उनके दोस्तों का जमावड़ा लगा था। किसी को यकीन नहीं हो रहा है कि उनके बीच अब दोनों लाडले नहीं रहे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
नहीं मिला मौके से हेलमेट
बताया गया कि हादसा इतना जबरदस्त था कि तरनवीर और अमरिंदर के सिर पर गंभीर चोट लगी थी। जबकि बाइक के पीछे बैठे मनप्रीत के जबड़े के पास चोटें आईं। बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त थी। पुलिस के अनुसार घटनास्थल से कोई हेलमेट नहीं मिला है।
स्ट्रीट लाइट बंद, घटनास्थल पर था अंधेरा
परिजनों ने बताया कि जिस जगह हादसा हुआ, वहां स्ट्रीट लाइट बंद थी। इस कारण वहां काफी अंधेरा था। कयास लगाया जा रहा है कि किसी वाहन की टक्कर के बाद बाइक बेकाबू हुई और पोल से जा टकराई। पुलिस घटनास्थल और आसपास के चौक पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
10 जुलाई को जाना था ओमान
अमरिंदर सिंह घर का इकलौता था। वह नाना-नानी के साथ रहता था। जबकि तरनवीर के एक भाई और एक बहन है। तीनों भाई की सेलेक्शन ओमान में होने वाले भंगड़ा फेस्टिवल में हुई थी। 10 जुलाई को उनकी ओमान की टिकट थी लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। हादसे की खबर सुनकर पूरे परिवार में मातम छाया हुआ है।