लुधियानाः मुंबई के कारोबारी से 9.5 लाख की लूट, दो लूटेरे हुए गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुंबई के आर्टिफिशियल ज्वैलरी के व्यापारी से साढ़े नौ लाख रुपये लूटने वाले ऑटो गैंग के दो सदस्यों को लुधियाना के थाना कोतवाली की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरोह के पांच सदस्य अभी फरार है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 8.84 लाख रुपये बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान फोकल प्वाइंट मुस्लिम कालोनी निवासी अरमान और फरियाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के फरार आरोपी ग्यासपुरा मक्कड़ कालोनी स्थित गुरु तेग बहादुर नगर निवासी कुनाल, मिंटू पाल, पीपल चौक मंदीप नगर निवासी संदीप कुमार उर्फ चेला, संदीप उर्फ पोपट और रोहित उर्फ जसपाल की तलाश में छापामारी की जा रही है। एडीसीपी वन गुरप्रीत सिंह सिकंद ने बताया कि वेस्ट मुंबई के हेमावति अपार्टमेंट में रहने वाले इंद्र सिंह एस पुरोहित आर्टिफिशियल ज्वैलरी का काम करते है।
वह ज्वैलरी देश के अलग अलग शहरों में सप्लाई करते हैं। 23 अक्तूबर को वह हवाई जहाज से दिल्ली पहुंचे और वहां से सीधे अमृतसर गए। वहां सामान बेचकर उन्होंने दो लाख रुपये इकट्ठा किए। इसके बाद जालंधर में तीन लाख और होशियारपुर में एक लाख का सामान बेचा। वह 26 को लुधियाना पहुंचे और घंटाघर के पास एक होटल में रुके। अगले दिन उन्होंने लुधियाना मार्केट में सामान बेच कर साढ़े तीन लाख रुपये की कलेक्शन की। इसके बाद वह दिल्ली के लिए जाने की तैयारी में जुट गए।
उन्हें बस से दिल्ली जाना था। उन्होंने घंटाघर से ऑटो लिया। ऑटो में दो युवक पहले से ही सवार थे और तीसरा ड्राइवर था। इंद्र सिंह ने अपना बैग पैरों में रख लिया। कुछ आगे जाने के बाद ऑटो में चार लोग और सवार हो गए। कुछ देर बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और रुपये वाला बैग लेकर फरार हो गए। एडीसीपी ने बताया गिरोह ने कोतवाली के इलाके में ही तीन से चार वारदातों को अंजाम दिया है। फरार आरोपियों की तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।