अमृतसर: एक्शन में STF, पांच किलो हेरोइन के साथ दो को दबोचा, 10 दिन में तोड़ा जेल का दूसरा नेक्सस
तरनतारन बाईपास पर नाकेबंदी कर एक आई 20 कार को रोक कर मिंटू सहोता और मिंटू को गिरफ्तार कर लिया। कार में सर्च के दौरान ड्राइवर के बगल वाली सीट के नीचे थैले में पांच किलो हेरोइन बरामद हुई। दोनों आरोपियों के खिलाफ एसटीएफ थाना (मोहाली) में एनडीपीएस एक्ट का केस दर्ज कर लिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने शुक्रवार सुबह भारत-पाकिस्तान सीमा के पास हेरोइन तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ के डीएसपी वविंदर महाजन के नेतृत्व में टीम ने तरनतारन बाईपास पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों की कार से पांच किलो हेरोइन बरामद की है। इसके तार फिरोजपुर जेल के साथ जुड़े हैं।
इसका खुलासा होने पर फिरोजपुर जेल में बंद सुखजिंदर सिंह से मोबाइल बरामद कर लिया गया है। यह जानकारी एसटीएफ के एआईजी रछपाल सिंह ने शुक्रवार दोपहर अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। इस दौरान डीएसपी सिकंदर सिंह और वविंदर कुमार भी मौजूद रहे।
एआईजी रछपाल सिंह ने बताया कि छह अक्तूबर को सूचना मिली थी कि मक्खू (फिरोजपुर) निवासी मिंटू सहोता और फिरोजपुर के गांव धर्मपुरा निवासी मिंटू मिलकर हेरोइन तस्करी कर रहे हैं। यह भी सूचना थी कि दोनों शुक्रवार को तरनतारन में किसी व्यक्ति से हेरोइन की खेप लेने पहुंचे हैं और अगर नाकेबंदी करें तो हेरोइन के साथ काबू किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि इसके बाद डीएसपी वविंदर महाजन के नेतृत्व में तरनतारन बाईपास पर नाकेबंदी कर एक आई 20 कार को रोक कर मिंटू सहोता और मिंटू को गिरफ्तार कर लिया। कार में सर्च के दौरान ड्राइवर के बगल वाली सीट के नीचे थैले में पांच किलो हेरोइन बरामद हुई। दोनों आरोपियों के खिलाफ एसटीएफ थाना (मोहाली) में एनडीपीएस एक्ट का केस दर्ज कर लिया गया है।
एआआईजी रछपाल सिंह ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मिंटू जो नशा तस्करी के मामले में फिरोजपुर जेल में बंद था। इस दौरान ही इसकी जान-पहचान फिरोजपुर जेल में बंद एक अन्य आरोपी सुखजिंदर सिंह निवासी रुकनशाह वाला, थाना मल्लांवाला जिला फिरोजपुर के साथ हुई।
उन्होंने बताया कि आरोपी सुखजिंदर सिंह जेल से फोन का इस्तेमाल कर तस्करी का नेटवर्क चला रहा था। मिंटू के जेल से बाहर आने के बाद भी सुखजिंदर सिंह से संपर्क बना रहा और तीनों ने मिलकर नशे की खेप मंगवाई थी। दोनों की गिरफ्तारी के बाद सुखजिंदर के पास जेल में मोबाइल फोन होने की जानकारी फिरोजपुर जेल के अधीक्षक को दी गई। इसके बाद जेल अधिकारियों ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन बरामद कर केस दर्ज करवा दिया। फिरोजपुर जेल में बंद सुखजिंदर सिंह को भी जल्द ही प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर यहां लाकर पूछताछ की जाएगी।
10 दिन में तोड़ा जेल का दूसरा नेक्सस
एसटीएफ के एआईजी रछपाल सिंह और डीएसपी सिकंदर सिंह ने बताया कि बार्डर रेंज ने पिछले 10 दिन में जेल से संचालित दूसरा नेक्सस तोड़ा है। इससे पहले काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) ने गोइंदवाल सब-जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार जसकरण सिंह की निशानदेही पर तरनतारन-फिरोजपुर रोड पर स्थित गांव पिद्दी में छिपाकर रखे पांच चीन निर्मित पिस्तौल और खेमकरण से गिरफ्तार इसके साथी रतनबीर सिंह की निशानदेही पर गांव माच्छीके में छिपाकर रखी पांच अमेरिका निर्मित पिस्तौल बरामद की थी। वहीं अमृतसर देहात पुलिस ने तरनतारन के योगराज सिंह उर्फ योग नामक तस्कर से एक टिफिन बम (आइईडी) दो एके-56, एक पिस्तौल, मैगजीन, 36 कारतूस, दो किलो हेरोइन, एक लाख की भारतीय करंसी और कार भी बरामद कर चुकी है।