नशे की लत पूरी करने के लिए बना अपराधी, साजिश के साथ किया फर्जीवाडा
नशे की लत एक ग्रेजुएट को ऐसी लगी कि उसे जरूरत पूरी करने के लिए वह धोखाधड़ी और आपराधिक वारदात में जुट गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर धोखाधड़ी के 6 और स्नैचिंग के एक मामले का खुलासा किया है।
डीएसपी सेंट्रल रामगोपाल के अनुसार 2 नवंबर को सेक्टर-17 स्थित एसबीआई के एटीएम से डड्डूमाजरा निवासी मनदीप से फर्जीवाड़ा कर उनके खाते से 9 हजार रुपये निकालने के मामले में सेक्टर-45 निवासी निखिल ठाकुर को गिरफ्तार किया गया था।
इसके बाद उसने रिमांड के दौरान पूछताछ में छह अन्य वारदातें भी कबूलीं। उसने एक पर्स स्नैचिंग की वारदात और एटीएम बदलकर धोखाधड़ी करने के छह मामलों का खुलासा किया। पूछताछ में पता चला कि वह नशे का आदी है और जरूरत पूरी करने के लिए ही इन वारदात को अंजाम देता था।
16 एटीएम कार्ड हुए बरामद, कुल 7 केस का खुलासा
डीएसपी के अनुसार रिमांड में निखिल ने बताया कि उसके पास लगभग सभी बैंकों के एटीएम कार्ड थे। इन्हें लेकर वह बैंक एटीएम के बाहर खड़ा हो जाता था। जैसे ही उसे लगता कि किसी व्यक्ति को एटीएम की जानकारी नहीं है या उसे कोई परेशानी आ रही है तो वह मदद करने के बहाने अंदर चला जाता था।
पहले वह उससे बातचीत कर उसका विश्वास हासिल करता उसके बाद उसका पिन नंबर जान लेता। बातों ही बातों में वह उसे डुप्लीकेट एटीएम कार्ड थमा देता। इसके बाद वह उसके कार्ड से पैसे निकाल लेता था।
पुलिस को उससे 16 एटीएम कार्ड और स्नैच किया हुआ पर्स बरामद हुआ है। आरोपी की पहचान निखिल ठाकुर के तौर पर हुई है।