तीन हत्याओं से बरनाला में हड़कंप, बेरहमी से बुजुर्ग को मारा, रॉड मार युवक की ली जान
पंजाब के बरनाला में एक दिन में तीन हत्याओं से हड़कंप मच गया। इन वारदातों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। तीनों वारदात अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुईं। थाना ठुल्लीवाल के प्रभारी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि गांव कर्मगढ़ में एक बुजुर्ग का रविवार रात को कत्ल कर दिया गया। उन्होंने बताया कि बंत सिंह (65) पुत्र आत्मा सिंह घर के बाहर भैंसों वाले कमरे में सो रहा था। इसी दौरान किसी ने हत्या जैसे जघन्य वारदात को अंजाम दे दिया।
सोमवार सुबह उसका पोत्रा चाय देने गया तो बंत सिंह मृत पड़ा मिला। मृतक के सिर में तेजधार हथियार से हमले के निशान मिले और काफी खून फैला हुआ था। उसने सूचना अपने पिता सतपाल सिंह को दी। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही एएसपी महिलकलां प्रज्ञा जैन, एसएसपी हरजीत सिंह मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक बंत सिंह के पौत्र बलजिंदर सिंह के बयान पर कत्ल का मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
केस-2: पति-पत्नी का झगड़ा सुलझाने गया था, पति ने कर दी हत्या
वहीं राही बस्ती में एक नौजवान के सिर में लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात रविवार देर शाम की है। राही बस्ती में रहने वाला जतिंदर कुमार अपनी पत्नी से झगड़ा कर रहा था। झगडे़ को सुलझाने के लिए नौजवान काका सिंह (24) पुत्र सुखमिंदर सिंह निवासी बरनाला उनके घर गया तो जतिंदर कुमार ने काका सिंह के सिर में लोहे की रॉड से हमला कर उसका कत्ल कर दिया।
रेलवे पुलिस के अधिकारी कमलेश कुमार ने बताया कि जतिंदर कुमार पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं। उसने बिना वजह काका सिंह का भी कत्ल कर दिया। जिसके खिलाफ कत्ल का मामला दर्जकर तलाश शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
केस-3: घर जाते वक्त किया हमला, घायल ने पीजीआई में तोड़ा दम
शिकायतकर्ता सतनाम सिंह के अनुसार उसका भाई 17 जनवरी को बेअंत सिंह भट्ठे से काम कर घर जा रहा था। रास्ते में जस्सी सिंह, लक्खी सिंह, सनी सिंह व सत्ता सिंह, बद्दी सिंह ने लाठियों, रॉड, बेसवाल आदि से उसके भाई पर जानलेवा हमला कर दिया। रविवार को उसका पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान मौत हो गई। इस मामले में कस्बा शहणा में केस दर्ज है।
जांच अधिकारी जगरूप सिंह ने बताया कि दो युवकों लखविंदर सिंह लक्खी, अमनदीप सिंह जस्सी को गिरफ्तार कर लिया है। इन्हें रविवार को जज रजिंदरपाल सिंह नागपाल ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया। जहां से दोनों को 14 दिन के लिए जिला जेल बरनाला भेज दिया। अन्य तीन युवकों की तलाश की जा रही है।
जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आम आदमी पार्टी के विधायक कुलंवत सिंह पंडोरी ने कहा कि बरनाला में अमन कानून की स्थिति बिगड़ चुकी है। जिले में लूटपाट, चोरियां, डकैती जैसी घटनाएं हो रही हैं, वहीं शहर में अक्सर असामाजिक तत्व आपस में भिड़ते रहते हैं और कत्ल की वारदात में लगातार इजाफा हो रहा है।