आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़: पंजाब पुलिस ने तीन को दबोचा, IED-RDX बरामद, 25 गुर्गों की हुई पहचान
पंजाब पुलिस ने उनके पास से एक इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बरामद किया है। डेटोनेटर के साथ 1.5 किलो वजन का आरडीएक्स, .30 बोर और .315 बोर के दो पिस्तौल, आठ कारतूस और एक बिना नंबर पंजीकृत बाइक बरामद की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। 1.5 किलो IED-RDX और दो पिस्तौल के साथ तीन लोगों को पंजाब पुलिस ने पकड़ा है। तीनों आरोपी कनाडा में बैठे गैंगस्टर लखबीर सिंह लंडा और पाकिस्तान में रहने वाले आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा के संपर्क थे। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने दी। पुलिस ने इस नेटवर्क के 25 अन्य गुर्गों की भी पहचान कर ली है। पुलिस सभी को तलाशने में जुटी है।
डीजीपी गौरव यादव ने जानकारी दी है कि गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद इलाके में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) लगाने का मुख्य अपराधी शामिल है। इसकी पहचान तरनतारन के गांव भट्टल सहज सिंह के नछतर सिंह उर्फ मोती के रूप में हुई है। गिरफ्तार अन्य दो आरोपियों की पहचान गांव गंदीविंड निवासी सुखदेव सिंह उर्फ शेरा और तरनतारन के गांव नौशेरा पन्नुआं निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी उर्फ बिल्ला के रूप में हुई है।
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने उनके पास से एक इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बरामद किया है। डेटोनेटर के साथ 1.5 किलो वजन का आरडीएक्स, .30 बोर और .315 बोर के दो पिस्तौल, आठ कारतूस और एक बिना नंबर पंजीकृत बाइक बरामद की गई है।
प्राथमिक जांच के अनुसार, डीजीपी ने कहा कि यह पता चला है कि तीनों आरोपी लखबीर लंडा के सीधे संपर्क में थे और बड़े पैमाने पर हथियारों, विस्फोटकों और ड्रग्स की जबरन वसूली और सीमा पार से तस्करी में शामिल थे।
तरनतारन के एसएसपी रंजीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि विश्वासनीय सूचना के बाद सरहली थाने की पुलिस टीम ने नाका चलाया और उनके कब्जे से दो पिस्टल बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। बाद में नछत्तर सिंह के खुलासे पर पुलिस टीमों ने तरनतारन के रतटोक गांव के बाहर छिपा रखी गई आईईडी भी बरामद की है।
नेटवर्क में 50 गुर्गे शामिल, 25 की पहचान हुई
एसएसपी ने कहा कि लंडा-रिंदा गिरोह का लगभग 40-50 गुर्गों का नेटवर्क है। इनमें से 25 गुर्गों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि आगे की जांच जारी है और हथियारों व विस्फोटकों की और बरामदगी की उम्मीद है।
इन धाराओं में दर्ज किया गया मामला
सभी के खिलाफ तरनतारन के थाना सरहली में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 389, धारा 25(6), 26(7)(i), विस्फोटक अधिनियम की धारा 4 और 5 और एनडीपीएस अधिनियम की 21, 31-59-85 के तहत दर्ज किया गया है।
लंडा कौन है?
लखबीर सिंह लंडा (33) तरनतारन का रहने वाला है। वह 2017 में कनाडा भाग गया था। उसने ही मोहाली में पंजाब पुलिस के इंटेलिजेंस मुख्यालय पर रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (आरपीजी) आतंकी हमले की साजिश रची थी। वहीं अमृतसर में सब-इंस्पेक्टर दिलबाग सिंह की कार के नीचे एक आईईडी भी उसी के कहने पर लगाई गई थी। उसे पाकिस्तान स्थित वांछित आतंकी हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा का सहयोगी माना जाता है।