रोहतकः स्कूल में घुसकर छात्रा से की छेड़छाड़, शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के रोहतक में एक स्कूल में घुसकर युवक ने नौवीं कक्षा की छात्रा के साथ छेड़छाड़ की। यही नहीं विरोध करने पर छात्रा के पिता और भाई को मारने की धमकी दी गई। वहीं क्षेत्र के एक गांव की युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर कई दिन तक दुष्कर्म का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। छात्रा के परिजनों ने एक और सुधार कार्यक्रम के परियोजना निदेशक से भी मामले की शिकायत की है।
रोहतक के रहने वाले व्यापारी ने पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि उसकी बेटी एक स्कूल में कक्षा नौवीं की छात्रा है। बताया कि 29 जनवरी को सुबह के समय एक युवक ने स्कूल में ही घुसकर बेटी के साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर छात्रा के पिता और भाई को मारने की धमकी दी गई। आरोप है कि स्कूल में वारदात होने के बाद भी स्कूल प्रशासन ने पुलिस से कोई कार्रवाई नहीं कराई।
स्कूल में लगे सीसीटीवी में भी आरोपी के कैद होने का दावा किया गया। छात्रा के पिता की शिकायत पर महिला थाने में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया। हालांकि पुलिस ने अभी गिरफ्तारी से इनकार किया है। छात्रा के पिता ने सरकार द्वारा चलाए जा रहे एक और सुधार कार्यक्रम के परियोजना निदेशक रॉकी मित्तल से भी मामले की शिकायत की है।
वहीं पास के एक गांव की युवती का आरोप है कि शादी का झांसा देकर पड़ोस के गांव के युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। यहीं नहीं विरोध करने पर उसकी पिटाई भी की गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
छात्रा से स्कूल में घुसकर छेड़छाड़ का मामला गंभीर है। एसपी को भी इस संबंध में कार्रवाई को कहा जाएगा। स्कूल प्रशासन की भूमिका की भी जांच कराई जाएगी। आखिर क्यों स्कूल प्रशासन ने मामले का पता लगने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज करानी मुनासिब नहीं समझी। छात्रा के परिजनों की ओर से शिकायत मिली है। -रॉकी मित्तल, परियोजना निदेशक, एक और सुधार कार्यक्रम
स्कूल प्रशासन गंभीर होता तो भागकर नहीं जाता आरोपी
पीड़िता के पिता का आरोप है कि स्कूल प्रशासन यदि गंभीर होता तो आरोपी को स्कूल के अंदर ही पकड़ा जा सकता था। मगर स्कूल प्रशासन ने पुलिस को सूचना देना तक मुनासिब नहीं समझा। स्कूल प्रशासन के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग एक और सुधार कार्यक्रम के परियोजना निदेशक से की है।