जैन स्वीट्स के मालिक ने पत्नी और बेटे को मारी गोली, बाद में खुद को भी उड़ाया
मालेरकोटला में मंगलवार सुबह चार बजे जैन स्वीट्स के मालिक ने अपनी पत्नी और बेटे को गोली मारने के बाद खुदकुशी कर ली। वारदात में पति-पत्नी की मौत हो गई। उनका बेटा लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में उपचाराधीन है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मालेरकोटला की प्रसिद्ध मिठाई की दुकान जैन स्वीट्स के मालिक विजय जैन (40) ने मंगलवार सुबह करीब चार बजे अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से अपनी पत्नी आशा जैन (38) को दो गोली मारी। इसके बाद विजय जैन ने अपने इकलौते बेटे साहिल जैन पर गोलियां दाग दी। पत्नी और बेटे को गोलियां मारने के बाद विजय जैन ने चौबारे पर चढ़कर रिवाल्वर को लोड किया और अपने सीने में गोली मार ली।
विजय जैन के घर के बिल्कुल सामने अलग घर में रहती उनकी माता दर्शना जैन पत्नी प्रेम चंद ने पुलिस के पास दर्ज करवाए बयान में कहा कि सुबह करीब 4.15 बजे उनके पोते साहिल ने फोन करके कहा था कि पापा गोलियां मार रहे हैं। यह सुनकर वह उनके घर की तरफ भागी और दरवाजा खटखटाया। खून से लथपथ साहिल ने दरवाजा खोला।
उसने अंदर जाकर देखा तो बेड पर आशा की खून से सनी लाश पड़ी थी, जबकि चौबारे में विजय जैन जख्मी हालत में बेड पर पड़ा था। इसके बाद उन्होंने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने जख्मी विजय और साहिल को लुधियाना के दयानंद अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही विजय जैन की मौत हो गई, जबकि डॉक्टरों ने साहिल के पेट में से गोलियां निकालने के लिए ऑपरेशन कर दिया है।
फिलहाल वह आईसीयू में है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत अभी नाजुक बनी हुई है। घटना का पता चलते ही पुलिस अधिकारी हरप्रीत सिंह संधू, डीएसपी सुमित सूद और एसएचओ दीपइंद्रपाल सिंह जेजी ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर की। साथ ही फारेंसिक माहिरों की टीम ने भी जांच शुरू कर दी है। एसपी हरप्रीत सिंह संधू ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
एसपी (ऑपरेशन) संगरूर हरप्रीत सिंह संधू ने बताया कि विजय जैन लोकसभा चुनाव के दौरान थाने में जमा रिवाल्वर कुछ समय पहले ही लेकर आया था। विजय की मां दर्शना जैन निवासी छत्ती गली के बयान पर पुलिस थाना सिटी-2 मालेरकोटला में मामला दर्ज कर लिया है। देर शाम विजय और आशा जैन का पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।
नाभा में पढ़ता है साहिल, दिवाली मनाने आया था घर
मालेरकोटला में मंगलवार तड़के हुई दर्दनाक वारदात के समय 14 साल के मासूम साहिल ने उनके घर के सामने ही रहती अपनी दादी को फोन करके कहा था कि दादी पापा गोलियां मार रहे हैं, जल्दी आ जाओ। जब तक उसकी दादी पहुंची तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था। साहिल नाभा स्थित पंजाब पब्लिक स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ता है और दिवाली मनाने के लिए घर आया हुआ था।