पटियाला में बवाल: तस्कर को पकड़ने गई पुलिस पर हमला, चलीं गोलियां, चार पुलिसकर्मियों समेत सात जख्मी
शराब तस्कर के घर छापा मारने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। आरोप है कि इस दौरान गांव वालों ने पुलिस पर फायरिंग की तो पुलिस ने भी हवाई फायरिंग की। झड़प में गोली लगने से एक कांस्टेबल और युवक घायल हो गया। वहीं कुल सात लोग जख्मी हैं। पुलिस ने शराब तस्कर, उसके दो बेटों समेत 35 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
विस्तार
पटियाला में देवीगढ़ रोड पर स्थित गांव जगतपुरा में गुरुवार सुबह एक शराब तस्कर के घर छापा मारने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। गांववालों ने फायरिंग की तो जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान गोली लगने से एक कांस्टेबल और एक युवक घायल हो गया। इनके अलावा ईंट-पत्थर और डंडे लगने से तीन पुलिस मुलाजिमों और ग्रामीण भी जख्मी हुए हैं।
ग्रामीणों ने पुलिस की चार गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त कर दीं। थाना सन्नौर पुलिस ने शराब तस्कर हरभजन सिंह, उसके दो बेटों समेत 35 लोगों के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने, मारपीट करने और अन्य धाराओं में केस दर्जकर लिया है।
डीएसपी (ग्रामीण) अजयपाल सिंह ने बताया कि गांव जगतपुरा निवासी शराब तस्कर हरभजन सिंह के घर पुलिस के सीआईए स्टाफ ने बुधवार देर रात छापा मारा। लेकिन पुलिस टीम के साथ आरोपी हरभजन सिंह, उसके दोनों बेटों, परिवार की महिलाओं और दो-तीन अज्ञात व्यक्तियों ने मारपीट की।
इसके बाद सीआईए स्टाफ को लौटना पड़ा और थाना सन्नौर पहुंचकर शराब तस्कर व अन्य लोगों के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने, मारपीट करने व अन्य धाराओं में केस दर्ज करवाया। इसके बाद 15 सदस्यों की पुलिस टीम गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे दोबारा शराब तस्कर के घर उसे पकड़ने गई।
आरोपी को काबू करके जब पुलिस ने उसे अपनी गाड़ी में बिठाया तो तस्कर के परिवार वालों व आसपास के लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया। पुलिस की गाड़ियों को घेरकर ईंट और पत्थर मारे। गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए। पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। हवलदार राजा सिंह की जांघ में गोली लगने से वह घायल हो गया। वहीं, ईंट-पत्थर लगने से तीन अन्य पुलिस मुलाजिम भी जख्मी हुए हैं। इसके बाद ग्रामीण आरोपी को छुड़ा ले गए।
डीएसपी का दावा- पुलिस ने केवल हवाई फायर किए
डीएसपी ने दावा किया कि पुलिस ने केवल हवाई फायर किए। पुलिस ने गांव के युवक गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (18) की जांघ में गोली लगने के बारे कहा कि यह अभी जांच का विषय है कि उसे गोली कैसे लगी। इसके अलावा शराब तस्कर हरभजन सिंह और उसके परिवार की एक महिला को भी चोट लगी हैं।
गोली लगने से जख्मी हवलदार राजा सिंह और गुरप्रीत अस्पताल में भर्ती हैं और दोनों की हालत स्थिर है। शराब तस्कर हरभजन सिंह और उसके बेटों के खिलाफ जालंधर, पटियाला व पंजाब के कई अन्य थानों में शराब तस्करी, आर्म्स एक्ट और लूटपाट के मामले दर्ज हैं।
तस्कर ने महीना देने से इनकार किया तो पुलिस ने पीटना शुरू किया : पंच अरविंदर सिंह
गांव के पंच अरविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस टीम शराब तस्कर हरभजन सिंह से महीना (हर माह पैसे) मांग रही थी लेकिन काम न चलने के कारण उसने इससे इनकार कर दिया। इस कारण पुलिस ने उसे और परिवार की महिलाओं को डंडों से पीटना शुरू कर दिया।
पुलिस टीम में कोई महिला कर्मी नहीं थी। गांव के सरपंच अमनदीप सिंह ने भी पुलिस द्वारा गोली चलाने की बात कही। उन्होंने कहा कि अगर कोई मसला था तो पंचायत द्वारा मिल बैठकर हल किया जा सकता था। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर और परिवार वालों के मोबाइल तक छीन कर ले गई।