10 मिनट की गुंडागर्दी के कांपा चंडीगढ़, सरेआम बाजार में दौड़ा-दौड़ाकर चाकुओं से युवक की हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंडीगढ़ के सेक्टर-40 स्थित मिनी मार्केट में दिनदहाड़े 25 वर्षीय एक युवक की दौड़ा-दौड़ा कर चाकुओं से हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप मृतक के ही पुराने दोस्त रजत तिवारी पर लगा है, जिससे एक साल पहले किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था और अमित ने उसे थप्पड़ मार दिया था। आरोपी ने एक साल तक इस रंजिश को मन में पाले रखा और शुक्रवार को मौका मिलते ही अपने चार साथियों के साथ मिलकर अमित की दिनदहाड़े मार्केट में हत्या कर दी।
पूरी घटना दर्जनों लोगों के सामने मार्केट में दोपहर 12 बजे घटी लेकिन किसी भी व्यक्ति ने उसे बचाने का साहस नहीं दिखाया। न ही हत्यारों को पकड़ने की कोशिश की, जिससे वह आराम से फरार हो गए। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने खरड़ निवासी रजत तिवारी व अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
मृतक खरड़ सनी एनक्लेव निवासी अमित कटोच उर्फ सन्नी था। अमित कारों की सेल परचेज का काम करता था। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम, एएसपी साउथ नेहा यादव, सेक्टर-39 थाने के एसएचओ मनिंदर सिंह, सेक्टर-36 थाने के एसएचओ रणजोध सिंह व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार अमित पर चाकूओं से कई वार किए गए। वहीं पुलिस ने घटनास्थल से खून के नमूने, कांच और डीवीआर कब्जे में ले लिए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी रजत तिवारी किडनैपिंग के मामले में भी वांटेड था। उसके खिलाफ सेक्टर-34 थाने में किडनैपिंग का मामला दर्ज हुआ था। सन्नी का एक जुड़वां भाई भी है, दोनों सन्नी-मन्नी के नाम से पहचाने जाते हैं।
पुलिस का कहना है कि रजत और अमित पहले सेक्टर-41 में रहते थे। तब से ही दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा चल रहा था। उसके बाद दोनों ही सन्नी एनक्लेव में शिफ्ट हो गए थे लेकिन रंजिश खत्म नहीं हुई। पुलिस ने बताया कि अमित के पिता की सेक्टर-41 में कटोच केमिस्ट के नाम से शॉप है।
मिनी मार्केट में पहले से घात लगाए बैठे थे हत्यारे
अमित शुक्रवार दोपहर को सेक्टर-40 की मिनी मार्केट में किसी काम से आया था। जहां पहले से ही हमलावर मौजूद थे। अमित जैसे ही अपनी कार से बाहर निकला तो हमलावरों ने चाकू, कांच की बोतल और हेलमेट से हमला कर दिया। अमित अपनी जान बचाने के लिए मार्केट के अंदर भागा लेकिन हमलावर उसके पीछे दौड़ते रहे।
अमित एक स्वीट्स शॉप में जा घुसा और वहां रखे सामान में फंस कर नीचे गिर गया तो हमलावरों ने अमित पर वहीं हमला करना शुरू कर दिया। जिसके हाथ में जो आया, उसने उसी से वार किया। एक ने कोल्ड ड्रिंक की बोतल से सिर पर वार किया तो दूसरे ने दुकान में रखा तेजधार हथियार उठाया और उसके कमर और पैर पर मारने लगा।
अमित की चीखें बाजार में गूंजने लगीं। यह दर्दनाक मंजर देख आसपास के लोगों की सांसें अटक गई। किसी की भी हिम्मत हमलावरों को टोकने की नहीं हुई। हत्यारों के फरार होने के बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने लहूलुहान अमित को पीजीआई पहुंचाया लेकिन यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हमलावरों ने पैर और सिर पर किए कई वार
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अमित के पैर, कलाई और सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। अमित के शरीर पर चोट के काफी गहरे निशान थे। सिर पर हेलमेट से इतनी बेरहमी से वार किए गए कि हेलमेट टूट गया। पुलिस का मानना है कि ज्यादा खून बहने और सिर पर अंदरूनी चोट मौत का कारण हैं। हालांकि असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगी।
टूटा हेलमेट, सड़क पर ही छोड़ गई पुलिस
अमित हरियाणा नंबर की कार से मार्केट में आया था। कार से उतरते ही उस पर हमला बोल दिया। अमित भागा तो उसके सिर पर एक हमलावर ने हेलमेट से तड़ातड़ कई वार कर दिए। हेलमेट टूट गया तो आरोपी ने उसे सड़क पर ही फेंक दिया। हैरानी की बात है कि पुलिस छानबीन के बाद हेलमेट वहीं छोड़कर चली गई। लोगों ने कहा कि हेलमेट पर आरोपी के फिंगरप्रिंट हैं लेकिन पुलिस कर्मियों ने फिर भी उसे साथ ले जाने की जहमत नहीं उठाई।
चीखता रहा अमित..हमलावर बरसाते रहे चाकू, पब्लिक तमाशबीन
पूरी घटना दोपहर के वक्त हुई, उस समय मार्केट में दर्जन के करीब लोग थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमला करने वाले 4 युवक थे, जो भागते हुए अमित को चाकू व नुकीले हथियार से मार रहे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद दो आरोपी बाइक पर फरार हो गए और दो पैदल ही भाग गए। हैरानी इस बात कि है कि आरोपी अमित को बेरहमी से मारते रहे और पब्लिक तमाशबीन बनी रही। किसी ने बचाने का प्रयास नहीं किया।