रोहतक सिस्टर्स की अश्लील फोटो व्हाट्सएप पर वायरल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रोडवेज की चलती बस में हुई कथित छेड़छाड़ से सुर्खियों में आई दोनों बहनों के नाम से व्हाट्सएप पर अश्लील फोटो अपलोड कर दी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दोनों बहनें एसपी आवास पर पहुंची।
दो घंटे तक खड़े रहने के बाद भी एसपी नहीं मिले तो डीएसपी से मुलाकात की। सोमवार को दोनों आईजी से मिलेंगी। चेतावनी दी है कि यदि सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो आईजी कार्यालय पर ही धरना दिया जाएगा। इससे पहले, पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से एक दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
रविवार सुबह दोनों बहनें आरती और पूजा अपने पिता राजेश के साथ सिविल लाइन थाना पहुंची। यहां सकारात्मक जवाब नहीं मिलने पर एसपी आवास पर पहुंच गई। आरोप है कि वे एसपी से मुलाकात के लिए दो घंटे तक खड़ी रहीं, लेकिन एसपी बाहर नहीं आए। शनिवार को एसपी ने दावा किया था कि आरोपी को डेढ़ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लेकिन वह देर शाम तक गिरफ्तार नहीं हुआ तो मजबूरन उन्हें धरने पर बैठना पड़ा। पूजा व आरती ने बताया कि शनिवार शाम को आश्वासन दिया गया था कि मुख्य आरोपी को रविवार को 11 बजे तक काबू कर लिया जाएगा। लेकिन गिरफ्तार नहीं किया गया।
डीएसपी बोले, पुलिस के पास हैं और भी मामले
दो घंटे बाद भी एसपी नहीं मिले तो वहां मौजूद सिक्योरिटी इंचार्ज भूपेंद्र सिंह ने उन्हें डीएसपी पवन शर्मा से मुलाकात करने की बात कही। आरोप है कि डीएसपी ने उनसे सीधे कहा कि पुलिस के पास और भी मामले हैं और पुलिस अपना काम कर रही है। पुलिस अपने अनुसार कार्रवाई करेगी।
महिला पीसीआर कर्मियों ने घेरा
हुआ यूं कि दोनों बहनों के एसपी आवास पर पहुंचकर धरना देने की बात सुन महकमे में हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी समेत भारी संख्या में पुलिस बल वहां पहुंच गया। तीन महिला पीसीआर में सवार कई महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंची और उन्हें घेर लिया। दोनों बहनों ने कहा कि उन्हें इस तरह से घेर लिया गया जैसे उन्होंने ही कोई अपराध किया हो।
ये मांगें पूरी नहीं तो धरना
दोनों बहनों ने साफ चेतावनी देते हुए कहा है कि वे सोमवार को आईजी से मुलाकात करेंगी। उनकी मुख्य मांग है कि जिन लोगों ने उनके फर्जी फोटो अपलोड कर उनका नाम लिखकर कमेंट कर उन्हें बदनाम करने की साजिश रची है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। जिन्होंने ये पिक्स बनाई हैं और आगे भेजी हैं सभी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
अक्टूबर 2014 में हुए मामले में हत्या के प्रयास की धाराएं जोड़ी जाएं। साफ कहा कि यदि न्याय नहीं मिला तो वे आईजी कार्यालय में अपने पिता के साथ धरने पर बैठ जाएंगी।
दिल्ली में तैयारी करता है आरोपी
बता दें कि मामले में आरोपी नितिन निवासी झरोठी को थाना सिविल लाइन पुलिस ने शनिवार को देर रात गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि 24 वर्षीय युवक दिल्ली में एसएससी की तैयारी करता है। उसे बोहर नाके के पास से गिरफ्तार किया गया है और उसका मोबाइल भी बरामद किया है। पूछताछ की जा रही है कि उसके पास ये फोटो कहां से आया। साथ ही ‘फुकरे’ व्हाट्स एप ग्रुप के एडमिन के बारे में भी पूछताछ की जा रही है। डाटा भी जुटाया जा रहा है।