बस में बहनों की बहादुरी या बवाल, फैसला 18 को
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चलती बस में कथित छेड़छाड़ और पिटाई के मामले में सर्व जातीय सर्व खाप पंचायत 18 जनवरी को बोहर के नांदल भवन में होगी। मामले में समझौते के लिए गठित 33 सदस्यीय कमेटी रविवार को रोहतक 84 खाप के प्रधान से मिलेगी। लेकिन खाप प्रधान ने फोन पर कमेटी पदाधिकारियों से हुई बातचीत के बाद महापंचायत का समय निर्धारित किया है। महापंचायत में छेड़छाड़ मामले के अलावा हिंदू मैरिज एक्ट में बदलाव और सामाजिक कुरीतियों को लेकर भी मंथन होगा।
रोहतक 84 खाप प्रधान हरदीप सिंह अहलावत ने बताया कि कमेटी के मिलने के बाद उत्तरी भारत की सभी खापों को न्यौता भेजा जाएगा। महापंचायत में लड़की और लड़का, दोनों पक्षों को बुलाएंगे। मामला सुलझाने की पूरी कोशिश की जाएगी। खापें किसी पर भी दबाव नहीं बनाएगी। दोनों पक्षों की रजामंदी पर ही समझौता कराया जाएगा। इसके अलावा हिंदू मैरिज एक्ट में बदलाव का मुद्दा उठाया जाएगा। सभी जातीय खापों के प्रतिनिधियों को न्यौता भेजेंगे, क्योंकि गोत्र और गांव-गुहांड का मसला सभी वर्ग का है।
कमेटी की चिट्ठी में क्या
कंसाला में हुई बखेता, हुमायूंपुर और कंसाला की पंचायत में गठित 33 सदस्यीय कमेटी की ओर से रोहतक 84 खाप के प्रधान को सौंपने के लिए चिट्ठी तैयार कर ली है। चिट्ठी में दो मुद्दे रखे गए हैं। इनमें चलती बस में कथित छेड़छाड़ और मारपीट मामले में दोनों पक्षों की रजामंदी से समझौता कराने का मसला भी है।
चिट्ठी में लिखा गया है कि समझौते के लिए खापों की पंचायत बुलाई जाए और सर्वसम्मति से मसले का हल निकाला जाए। जरुरत पड़े तो इसमें जनप्रतिनिधि और अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को भी बुलाया जा सकता है।
कमेटी प्रधान सूरजभान ने बताया कि दूसरा मुद्दा समाज में व्याप्त कुरीतियों का है। इसमें भ्रूण हत्या, नशा, दहेज प्रथा व अन्य कुरीतियों को लेकर शिक्षण संस्थाओं, सार्वजनिक स्थानों पर अभियान चला जागरुकता लाया जाना शामिल है। रोहतक, सोनीपत व झज्जर की खापों को इसे लेकर पंचायत बुलानी चाहिए।
हमारा पंचायत से कोई वास्ता नहीं
आरोपी कुलदीप के पिता बलबीर ने कहा है कि हमने कोई पंचायत नहीं बुलाई और न ही पंचायतों से उनका कोई वास्ता है। यदि खापों की पंचायत के लिए बुलावा आता है तो पूरे गांव के लोग बैठकर फैसला लेंगे कि आगे क्या करना है। जाना है या नहीं, यह ग्रामीण ही तय करेंगे। इधर, लड़कियों की तरफ से पहले ही कहा जा चुका है कि वे पंचायत में नहीं जाएंगी।
डीएसपी से मिले आसनवासी
मामले में आरोपी लड़के आसन गांव के रहने वाले हैं। आसन के ग्रामीणों ने लड़कियों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज न करने और उनका मोबाइल पुलिस द्वारा जब्त न करने पर रोष जताया है। ग्रामीण शनिवार को लघु सचिवालय पहुंचे और डीएसपी यशपाल खटाना से मुलाकात की।
ग्रामीणों ने कहा, लड़कियों ने जब लड़कों से मारपीट की है तो केस दर्ज क्यों नहीं किया जा रहा है। इसके साथ ही पोलीग्राफ टेस्ट हुए भी एक पखवाड़े से ज्यादा का समय हो गया है, बावजूद रिपोर्ट नहीं दी गई है। जिस मोबाइल से वीडियो बनाया गया, वह भी अब तक जब्त हो जाना चाहिए था। ग्रामीण संदीप ने कहा, यदि जल्द ही कार्रवाई नहीं होती है तो फिर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
डीएसपी ने कुछ वक्त रुकने के लिए कहा है, इसलिए कुछ और इंतजार करते हैं, लेकिन इसके बाद आंदोलन किया जाएगा। आरोपी युवक कुलदीप के पिता बलबीर ने कहा कि 18 दिसंबर को पॉलीग्राफ टेस्ट हो चुका है। बावजूद इसके रिपोर्ट नहीं दी गई। वीडियो में साफ दिख रहा है कि लड़कियां लड़कों को पीट रही हैं, फिर भी पुलिस उनके खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज नहीं कर रही। लड़कों के वकील संदीप राठी ने बताया कि जल्द ही एसपी से भी मुलाकात की जाएगी।